ब्रह्मास्त्र भुवनेश्वर
ओडिशा मयूरभंज जिला में रविवार दोपहर आए अचानक बवंडर ने भारी तबाही मचा दी। अधिकारियों के अनुसार इस प्राकृतिक आपदा में दो लोगों की मौत हो गई जबकि कम से कम 17 लोग घायल हो गए हैं। तेज हवाओं और तूफानी परिस्थितियों के कारण 100 से अधिक घरों को गंभीर नुकसान पहुंचा है। बवंडर ने जिले के करांजिया क्षेत्र के कई गांवों को प्रभावित किया, जिससे स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई और बड़ी संख्या में लोग बेघर हो गए।
प्रशासन के मुताबिक यह बवंडर रविवार शाम करीब चार बजे के आसपास शुरू हुआ और लगभग 30 मिनट तक क्षेत्र में तेज गति से चलता रहा। इस दौरान बवंडर ने राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे बसे कई गांवों में भारी नुकसान पहुंचाया। खास तौर पर किया और कंकडा गांव में बवंडर का असर सबसे अधिक देखा गया, जहां कई मकानों की छतें उड़ गईं और पेड़ तथा बिजली के खंभे जड़ से उखड़ गए। इसके अलावा आसपास के पनापासी और डुमुरिया गांव भी इस प्राकृतिक आपदा से प्रभावित हुए हैं।