उज्जैन। शिवपुरी में 3 माह पहले हुई शिक्षक की हत्या के मामले में फरार चल रही 20 हजार की इनामी महिला आरोपी को शनिवार-रविवार रात देवासगेट थाना पुलिस ने पकड़ा। आरोपी महिला के साथ उसका बेटा भी था। दोनों को शिवपुरी पुलिस के सुपुर्द किया गया है।
देवासगेट थाना प्रभारी अनिला पाराशर ने बताया कि रंगपंचमी की पूर्व रात 12 बजे बाद क्षेत्र में टीम के साथ सर्चिंग की जा रही थी और दुकानों को बंद कराया जा रहा था। इस दौरान बस स्टेंड परिसर में सर्चिंग के दौरान एक महिला और युवक पुलिस को देख बचकर निकलने का प्रयास करने लगे। दोनों पर संदेह हुआ और उन्हे रोका गया, पूछताछ करने पर महिला बरगलाने लगी। वह अपना नाम अलग-अलग बता रही थी। शंका होने पर महिला और उसके साथ युवक को थाने लाया गया। महिला ने उसके साथ युवक को अपना बेटा होना बताया, वह भी पुलिस को देख काफी घबरा रहा था। महिला से सही नाम पता पूछताछ गया तो वह शिवपुरी के ऊमरीकला भोती की रहने वाली सविता पति मुरारी लोधी होना सामने आई। दोनों के संबंध में जानकारी जुटाने के लिये शिवपुरी पुलिस से संपर्क किया गया तो सामने आया कि उक्त महिला हत्या के मामले में 3 माह से फरार है। जिसकी गिरफ्तारी पर 20 हजार का इनाम घोषित है। फरार महिला के हिरासत में आने की जानकारी शिवपुरी पुलिस को दी गई। रविवार सुबह शिवपुरी पुलिस उज्जैन पहुंची और गिरफ्त में आई हत्या की फरार आरोपिया और उसके बेटे का साथ ले गई।
परिवार के साथ मिलकर मारी थी गोली
शिवपुरी पुलिस के अनुसार फरार इनामी आरोपिया ने 1 दिसंबर 2025 को परिवार के 5 सदस्यों के साथ मिलकर ग्राम कमलपुरा प्राथमिक विद्यालय के शिक्षक कल्याणसिंह की स्कूल से लौटते समय रास्ते में पुराने विवाद में राजीनामा करने से मना करने पर गोली मारकर हत्या कर दी थी। घटनाक्रम के बाद सविता लोधी उसके पति मुरारी लोधी, जितेन्द्र उर्फ कल्ला लोधी, प्रदीप दुबे, नहारसिंह लोधी और रामजीलाल लोधी के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया था। घटना के बाद से सविता फरार चल रही थी।
शिवपुरी से फरार हत्या में शामिल महिला उज्जैन से पकड़ाई -20 हजार का था इनाम, बेटे के साथ आई थी उज्जैन