उज्जैन। धन्नालाल की चाल में शनिवार शाम लोगों ने बच्चा चोरी की आशंका में एक महिला को पकड़ लिया। हंगामा मचते ही पुलिस पहुंची। महिला विक्षिप्त होना सामने आई। जिसे जांच-पड़ताल के बाद छोड़ दिया गया।
नीलगंगा थाना पुलिस ने बताया कि शाम को धन्नालाल की चाल में शिव बारात निकाली जा रही थी। कुछ लोगों द्वारा एक महिला को पकड़ लिया गया और बच्चा चोरी का आरोप लगाने लगे। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची, लेकिन लोगों महिला को थाने ले आये थे। लोगों का कहना था कि महिला के साथ कुछ और लोग थे, जो भाग निकले। पुलिस ने जांच शुरू की और महिला से पूछताछ शुरू की। महिला विक्षिप्त होना सामने आई। वह अपनी उम्र कभी 10 साल तो कभी 30 साल बताने लगी। पुलिस ने महिला के संबंध में जानकारी जुटाई तो सामने आया कि चामुंडा माता मंदिर चौराहा के फुटपाथ पर रहती है और मंदिर समिति की ओर से मिलने वाले भोजन करती है। उसका दिमागी संतुलन ठीक नहीं है। महिला के बच्चा चोर होने की पुष्टि नहीं होने पर पुलिस द्वारा उसे छोड़ दिया गया।
एक दिन पहले 2 लोगों से हुई थी मारपीट
तपोभूमि के पास शुक्रवार को कुछ लोगों ने कार में सवार 2 लोगों को बच्चा चोरी का आरोप लगाकर पकड़ लिया था। जिनके साथ मारपीट की गई। पुलिस जांच में पता चला था कि दोनों व्यक्तियों में एक लालसिंह पिता मानसिंह और दूसरा शीष पिता अनिल नामदेव है। लालसिंह होटल मेघदूत में डायवरी करता है और शीष होटल का इलेक्ट्रिशीयन है। दोनों कार से मजदूर लेने के लिये तपोभूमि की ओर गये थे। बाइक सवार 2 लोगों से टक्कर होने पर उन्हे बच्चा चोर समझ पकड़ लिया गया था।
बच्चा चोरी की आशंका में पकड़ाई महिला निकली विक्षिप्त