श्री महाकालेश्वर मंदिर में शिवनवरात्रि पर्व के आठवें दिन शुक्रवार को कोटितीर्थ के तट पर प्रात: 8 बजे से श्री गणेश पूजन हुआ। इसके बाद श्री कोटेश्वर महादेव भगवान का पूजन-आरती के साथ अभिषेक किया गया।
श्री महाकालेश्वर मंदिर के मुख्य पुजारी घनश्याम शर्मा के आचार्यत्व में 11 ब्राम्हणों ने एकादश-एकादशनी रूद्रपाठ से भगवान का अभिषेक किया। दोपहर 3 बजे संध्या पूजन के पश्चात भगवान महाकाल को पगड़ी अर्पित कर उमा महेश स्वरूप में श्रृंगार किया गया।
भगवान महाकाल को रजत मुंड-माला, छत्र अर्पित किए गए। भगवान महाकाल 15 फरवरी तक रोजाना शाम को अलग-अलग स्वरूप में भक्तों को दर्शन देंगे। 14 फरवरी को शिव तांडव और 15 फरवरी को सप्तधान का मुखौटा स्वरूप में दर्शन देंगे।