उज्जैन।उज्जैन से करीब 17 किमी दूर पिपलिया बिछा गांव में एक दर्दनाक हादसे में मासूम बच्चे की मौत हो गई। बच्चे के घर के पास एक किसान ने जंगली जानवरों से फसल बचाने के लिए खेत के चारों ओर करंट वाली तार फेंसिंग कर रखी थी। खेलते समय बच्चा करंट वाले तार की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।पंवासा थाना प्रभारी गुमर सिंह मंडलोई ने बताया कि 11 वर्षीय अरकान शाह कक्षा 6 का छात्र था। गुरुवार सुबह करीब 11 बजे वह घर से खेलने के लिए निकला था। करीब एक घंटे तक घर नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई। उसके पिता और चाचा ने उसकी तलाश शुरू की।शाम करीब 4 बजे खेत के मालिक बाबू परमार ने बच्चे के चाचा इशाक को सूचना दी कि बच्चा खेत में पड़ा है। परिजन मौके पर पहुंचे तो अरकान मृत अवस्था में मिला।तार फेंसिंग में था करंट-पुलिस मौके पर पहुंची तो जांच में सामने आया कि बाबू परमार ने जंगली सूअरों से लहसुन की फसल बचाने के लिए खेत के चारों ओर तार फेंसिंग कर उसमें करंट प्रवाहित कर रखा था। गुरुवार को अरकान स्कूल नहीं गया था। वह सुबह खेत के पास अपने दोस्त के यहां खेलने जा रहा था, तभी करंट वाली तार की चपेट में आ गया।करंट लगने से उसके हाथ, पैर और शरीर का कुछ हिस्सा झुलस गया था। उसके हाथ में एक खिलौना भी मिला है।
पुलिस ने आरोपी बाबू परमार के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है। बच्चे का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।