ब्रह्मास्त्र नई दिल्ली
भारत ने नामीबिया को 93 रन से हराकर टी-20 वर्ल्ड कप में अपनी सबसे बड़ी जीत दर्ज की। टीम ने इस फॉर्मेट में 47वीं बार 200+ स्कोर का आंकड़ा पार किया। वहीं हार्दिक पंड्या ने 109 मीटर लंबा सिक्स लगाया। गुरुवार को पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया ने 9 विकेट पर 209 रन बनाए। ईशान किशन ने 20 बॉल पर फिफ्टी लगाई। 210 रन का पीछा करने उतरी नामीबिया की टीम 18.2 ओवर में 116 रन पर आॅलआउट हो गई।
लगातार 10वीं जीत का रिकॉर्ड- भारत ने टी-20 वर्ल्ड कप में लगातार 10वीं जीत दर्ज कर टूर्नामेंट इतिहास का नया रिकॉर्ड बना दिया। यह जीतों का सिलसिला 2024 सीजन से शुरू हुआ था। दूसरे स्थान पर साउथ अफ्रीका और आॅस्ट्रेलिया हैं, जिनके नाम आठ-आठ लगातार जीत दर्ज हैं।
टी-20 वर्ल्ड कप में भारत की सबसे बड़ी जीत- भारत ने 93 रन से जीत दर्ज कर टी-20 वर्ल्ड कप इतिहास में अपनी सबसे बड़ी जीत हासिल की। इससे पहले टीम की सबसे बड़ी जीत 2012 में कोलंबो में इंग्लैंड के खिलाफ 90 रन से थी।
भारत ने टी-20 वर्ल्ड कप में तीसरा सबसे बड़ा टोटल बनाया- भारत ने टी-20 वर्ल्ड कप इतिहास का तीसरा सबसे बड़ा स्कोर खड़ा किया। टीम ने 20 ओवर में 209/9 रन बनाए। इस सूची में भारत का ही 2007 में इंग्लैंड के खिलाफ बनाया गया 218/4 का स्कोर टॉप पर है।