इंदौर में लारेंस बिश्नोई गैंग की दस्तक : अस्पताल संचालक से कॉल पर 5 करोड़ फिरौती की धमकी, पुलिस हाई अलर्ट पर

ब्रह्मास्त्र इंदौर

कुख्यात गैंगस्टर लारेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर किशनगंज क्षेत्र के एक बड़े अस्पताल संचालक को पांच करोड़ रुपये की रंगदारी की धमकी दी गई है। धमकी भरा फोन सीधे अस्पताल संचालक के बेटे को किया गया, जिसके बाद परिवार और अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मच गया।
सूत्रों के मुताबिक, कॉल करने वाले ने खुद को लारेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा बताया और साफ शब्दों में पांच करोड़ रुपये की मांग की। रकम न देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी भी दी गई है।

धमकी मिलते ही पीड़ित परिवार ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। कॉल डिटेल्स खंगाली जा रही हैं, तकनीकी टीम एक्टिव कर दी गई है और संदिग्ध नंबर की ट्रेसिंग की जा रही है।

इंदौर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मामले पर नजर बनाए हुए हैं। अस्पताल और परिवार की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कॉल वाकई किसी संगठित गैंग से जुड़ा है या फिर किसी ने गैंग के नाम का इस्तेमाल कर दहशत फैलाने की कोशिश की है।
बड़ा सवाल यह है कि आखिर शहर में इस तरह की हिम्मत किसने की? क्या यह किसी बड़े नेटवर्क की शुरूआत है या सिर्फ डर पैदा करने की साजिश? फिलहाल पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है।

लारेंस विश्नोई गैंग ने मध्य प्रदेश में भी अपनी रंगदारी वसूली के लिए धमकाने का काम शुरू कर दिया है। अशोक नगर के व्यापारी को 10 करोड़ की धमकी के मामले के बाद इंदौर में भी एक व्यवसाई को धमकी देने की सूत्र जानकारी दे रहे हैं।इससे पहले 2024 में इस गैंग के तीन आरोपी इंदौर पुलिस ने हथियारों के साथ दबोचे थे।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment