उज्जैन। जनवरी माह के अंतिम दिनों में पश्चिमी विक्षोभ के 2 स्ट्रॉग सिस्टम सक्रिय होने के बाद मौसम का मिजाज पूरी तरह से बदल गया था। बारिश के साथ ओलावृष्टि और सर्द हवा से ठंड बढ़ गई थी। गुरूवार को आसमान साफ होते ही अधिकतम तापमान में 4 डिग्री की तेजी आ गई। शासकीय जीवाजीराव वेधशाला पर दिन का तापमान 29 डिग्री दर्ज किया गया। जो बुधवार को 25 डिग्री था। एक दिन पहले तक 8 से 10 किलोमीटर प्रतिघंटे की सर्द हवा चल रही थी, वहीं गुरूवार को 4 किलोमीटर प्रतिघंटे की हो गई। वैसे सुबह के समय कोहरा छाया रहा, लेकिन सूर्य उदय होने के बाद धूप तीखी हो गई थी। मौसम विभाग ने कुछ दिनों तक तापमान में उतार-चढ़ाव बना रहने की बात कहीं है। ठंड से पूरी तरह से राहत फरवरी माह के अंत तक ही मिलने का अनुमान जताया जा रहा है।
पंवासा क्षेत्र के चकोर पार्क स्थित मकान की 15 फीट ऊंची छत से गुरूवार शाम 2 साल का मासूम युवराज पिता संदीप आर्य गिर गया। परिजन उसे चरक अस्पताल लेकर पहुंचे। मासूम की हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने इंदौर रैफर किया, परिजन उसे निजी अस्पताल लेकर रवाना हो गये। मामले की जानकारी लगते ही पंवासा थाना प्रधान आरक्षक हरीश चौहान चरक अस्पताल पहुंचे। लेकिन परिवार मासूम को लेकर जा चुका था। परिवार ने अस्पताल में जो मोबाइल नम्बर दर्ज कराया था उस पर कॉल किया तो वह बंद होना सामने आता रहा। प्रधान आरक्षक चौहान के अनुसार घटनास्थल पहुंचकर आसपास के लोगों से जानकारी प्राप्त की जायेगी। उसके बाद ही घटनाक्रम स्पष्ट होगा।
तापमान में 4 डिग्री की तेजी, कम हुई हवा की रफ्तार,गिरा 2 साल का मासूम