ज्वेलरी से भरा बैग मिला:साधु ने उठाया था, , आभूषणों से भरा बैग, पुलिस ने लौटाया

उज्जैन।उज्जैन के डाबरी पीठा क्षेत्र में शुक्रवार को एक बुजुर्ग का लाखों रुपये का बैग गुम हो गया। बाजार में घूमते समय बुजुर्ग से अनजाने में यह बैग गिर गया, जिसे एक साधु ने उठा लिया। सूचना मिलने पर खाराकुआं थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बैग बरामद कर बुजुर्ग को लौटा दिया।बुजुर्ग ने पुलिस को बताया कि बैग में लगभग 200 ग्राम सोने के आभूषण, 45 हजार रुपए नकद और परिवार से संबंधित महत्वपूर्ण दस्तावेज थे। बैग में रखे सामान की कुल कीमत 25 से 30 लाख रुपए के बीच आंकी गई है।बैग गुम होने का एहसास होते ही बुजुर्ग सीधे खाराकुआं थाने पहुंचे और घटना की जानकारी दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की और क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले।सीसीटीवी फुटेज की जांच के दौरान पुलिस को एक महत्वपूर्ण सुराग मिला। डाबरी पीठा क्षेत्र में एक साधु बाबा बैग उठाते हुए कैमरे में कैद हुए थे। इसके बाद पुलिस टीम साधु बाबा तक पहुंची और उनसे पूछताछ की।साधु ने पुलिस को बताया कि उन्हें बैग सड़क पर पड़ा मिला था और उन्होंने उसे सुरक्षित अपने पास रख लिया था। साधु को बैग में रखे कीमती सामान की जानकारी नहीं थी। पुलिस द्वारा जांच करने पर बैग में रखा सारा सामान सही सलामत पाया गया।आवश्यक औपचारिकताओं के बाद पुलिस ने बैग बुजुर्ग को सौंप दिया। पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा ने खाराकुआं थाना पुलिस की तत्परता और संवेदनशील कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए पूरी टीम को 10 हजार रुपए का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।
Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment