इंदौर।प्रदेश युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष यश घनघोरिया ने प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इंदौर जल त्रासदी को लेकर राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। इस दौरान शहर कांग्रेस के कार्यवाहक अध्यक्ष मौजूद रहे।यश घनघोरिया ने कहा कि इंदौर के भागीरथपुरा में जहरीले पानी से हुई मौतें हत्या के समान हैं। भाजपा की “नाकारा और असंवेदनशील सरकार” इस पूरे मामले में सच्चाई छुपाने का प्रयास कर रही है। सरकार के आंकड़े वास्तविकता को नहीं दर्शाते, जबकि अब भी हजारों लोग प्रभावित हैं और 200 से 250 लोग अस्पतालों में भर्ती हैं।उन्होंने बताया कि 2 जनवरी को यूथ कांग्रेस ने इंदौर नगर निगम का घेराव किया था, लेकिन सरकार और प्रशासन ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया। हाल ही में महू में भी इसी तरह की घटना दोहराई गई, जहां दर्जनों लोग अस्पताल में भर्ती हुए और एक व्यक्ति की मौत हो गई।28 से 5 तक जन अधिकार न्याय पदयात्रा- युवा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने ऐलान किया कि 28 जनवरी से 5 फरवरी तक प्रदेशव्यापी ‘जन अधिकार न्याय पदयात्रा’ निकाली जाएगी। पदयात्रा की शुरुआत इंदौर की 9 विधानसभा क्षेत्रों से होगी और माता अहिल्या की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर यात्रा का शुभारंभ किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अन्याय के खिलाफ संघर्ष की प्रेरणा माता अहिल्या से मिलती है। इस पदयात्रा में प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर का कांग्रेस नेतृत्व भी शामिल होगा।