पांच साल पुराने विवाद में महिला पर हमला
उज्जैन। खेत को लेकर पांच साल पहले हुए विवाद में शुक्रवार-शनिवार रात परिवार के लोगों ने अपनी भाभी कमलाबाई पति प्रहलादसिंह राठौर पर लाठी-घूंसों से हमला कर दिया। कमलबाई को गंभीर चोंट लगने पर उपचार के लिये उज्जैन चरक अस्पताल लाया गया है। घायल कमलाबाई राठौर निवासी ग्राम रूदाहेडा ने बताया कि 2020 में पति के चचेरे भाई से खेत को लेकर विवाद हुआ था। मामला थाने पहुंचने पर पुलिस ने क्रास प्रकरण दर्ज किया था। उसी विवाद में समझौते का दबाव बनाया जा रहा था। रात में पति के चचेरे भाई के परिवार में शामिल कमल, सावन, मानूबाई, पूजा, अंतरसिंह और आत्मराम घर आये थे। उन्होने समझौते की बात शुरू की, लेकिन पति प्रहलाद ने मना कर दिया। इसी बात पर सभी ने मिलकर हमला किया, उन्होने पति को भी मारने का प्रयास किया था लेकिन उन्होने भाग कर अपनी जान बचाई। पुलिस ने मामले में घायल महिला के बयान दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करने की बात कहीं है।
वृद्धा की नहीं बची जान
पिपलिया सारंग उन्हेल की रहने वाली सुगनबाई पति हरिराम 50 साल ने शुक्रवार को जहरीला पदार्थ खा लिया था। गंभीर हालत में परिजन उपचार के लिये चरक अस्पताल लेकर पहुंचे थे। जहां रात में सुगनबाई की मौत हो गई। अस्पताल पुलिस चौकी ने मर्ग कायम कर पोस्टमार्टम कराया। परिजनों ने बताया कि मानसिक संतुलन ठीक नहीं था। घटना के समय परिवार के सभी सदस्य खेत पर गये थे। दोपहर बाद मजदूरों के लिये चाय लेने घर लौटे तो सुगनबाई को बेसुध हालत में पाया था। स्थानीय अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उज्जैन रैफर किया था। अस्पताल पुलिस चौकी के अनुसार मामला उन्हेल थाना क्षेत्र का होने पर मर्ग डायरी जांच के लिये भेजी जायेगी।
पांच साल पुराने विवाद में महिला पर हमला,नहीं बची जान
