उज्जैन में गणेश उत्सव की धूम: महाभारत थीम पर भव्य प्रतिमा, ढोल-नगाड़ों और आतिशबाजी के साथ निकली शोभा यात्रा
उज्जैन। गणेश उत्सव की शुरुआत 27 अगस्त से होगी, लेकिन शहर में त्योहार का माहौल अभी से रंगीन हो गया है। रविवार शाम श्री उमा पुत्र गणेश उत्सव समिति द्वारा भव्य गणेश प्रतिमा सिंधी कॉलोनी में विराजित की गई। प्रतिमा का आगमन ढोल-नगाड़ों, जोरदार आतिशबाजी और भक्तों के उत्साह के साथ हुआ।
महाभारत थीम पर बनी प्रतिमा
इस बार समिति ने 85 हजार रुपए लागत की विशेष प्रतिमा देवास से मंगाई है। प्रतिमा की सबसे बड़ी खासियत यह है कि भगवान गणेश को उसी तरह के रथ पर विराजित किया गया है, जैसा कि महाभारत युद्ध में भगवान श्रीकृष्ण अर्जुन के सारथी बने थे।
यात्रा टॉवर चौराहे से सिंधी कॉलोनी तक निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में गणेश भक्त शामिल हुए।
महाराष्ट्र की झलक भी होगी
समिति सदस्य यश कृष्णानी ने बताया कि इस बार प्रतिमा को महाभारत की थीम पर सजाया गया है। साथ ही इसमें महाराष्ट्र की सांस्कृतिक झलक भी दिखाई देगी, जिससे भक्तों को एक अलग अनुभव मिलेगा।
युवाओं की टीम कर रही आयोजन
यह आयोजन पिछले 12 सालों से सिंधी कॉलोनी की गली नंबर 3 में किया जा रहा है। आयोजन की जिम्मेदारी पूरी तरह युवाओं के हाथ में है।
अनमोल मित्र मंडली और श्री उमा पुत्र समिति, सिंधी समाज उज्जैन के युवाओं ने मिलकर कार्यक्रम की तैयारी की है।
टीम में अमित कृष्णानी, जयेश चौधरी, यश कृष्णानी, निलेश परस्वानी, लविश, मनमोहन, अभिजीत सिंह, सुमित, मयूर गौरव सहित कई युवा सक्रिय रूप से जुड़े हुए हैं।
