रात 12 बजे विक्रमनगर ब्रिज से कूदा हत्या का आरोपी -पीथमपुर से गिरफ्तार कर उज्जैन ला रही थी पुलिस

उज्जैन। पीथमपुर से गिरफ्त में आये हत्या के आरोपी को शुक्रवार-शनिवार रात उज्जैन लाया जा रहा था। विक्रमनगर ब्रिज पर बहाना बनाकर उसने पुलिस वाहन रूकवाया और भागने का प्रयास करते समय विक्रमनगर ब्रिज से छलांग लगा दी। आरोपी के पैर में फैक्चर हुआ है।
पंवासा थाना क्षेत्र के मारूति परिसर में 10 जून की शाम सांवरिया सेठ नहीं चलने पर रिक्शा चालक नवीन पिता डोंडीराम खोप की 2 युवको ने चाकू मारकर हत्या कर दी थी। घटनाक्रम के बाद पुलिस ने मृतक की पत्नी शिवानी की शिकायत पर हत्या करने वाले संदीप वर्मा और अज्जू उर्फ अजय यादव के खिलाफ मामला दर्ज किया था। संदीप को 24 घंटे बाद गिरफ्तार कर लिया गया था। जिसे शुक्रवार को कोर्ट में पेश कर जेल भेजा गया था। अज्जू फरार चल रहा था, जिसकी तलाश जारी थी। शुक्रवार शाम पता चला कि पीथमपुर में छुपा हुआ है। थाना प्रभारी गमरसिंह मंडलोई, एएसआई मोहब्बतसिंह अलावा, प्रधान आरक्षक नीरज पटेल, विनोद ठाकुर और आरक्षक ब्रजेन्द्र भारती पीथमपुर रवाना हुए। हत्या का फरार आरोपी पीथमपुर के सागोरकुटी रेलवे पटरी के पास मिला। जिसे गिरफ्तार कर प्रायवेट वाहन से उज्जैन लाया जा रहा था। रात 12 बजे विक्रमनगर ब्रिज पहुंचने पर आरोपी अज्जू उर्फ अजय ने पेट में गड़बड़ी होने और टायलेट आने का बहाना बनाया। पुलिस ने गाड़ी रोकी और उसे नीचे उतारा, तभी आरोपी ब्रिज की रेलिंग पर चढ़ गया और छलांग लगा दी। गिरने पर उसके पैर में चोंट लगी। जिसके चलते उठकर भागने में सफल नहीं हो पाया। पुलिस ब्रिज के नीचे पहुंची और उसे उठाकर चरक अस्पताल लाया गया। जहां डॉक्टरों ने पैर में फैक्चर होने पर हड्डी वार्ड में भर्ती किया। थाना प्रभारी मंडलोई ने बताया कि पैर में पट्टा चढ़ाने के बाद शनिवार दिनभर उसे भर्ती रखा गया। शाम को डॉक्टरों द्वारा डिस्चार्ज करने पर थाने लाया गया है। जहां पूछताछ की जा रही है। रविवार को कोर्ट में पेश किया जायेगा।
पूर्व में 2 हत्या कर चुका है अज्जू
थाना प्रभारी ने बताया कि हत्या के आरोपी अज्जू उर्फ अजय यादव का अपराधिक इतिहास तलाशने पर सामने आया कि वह पेशेवर और कुख्यात है। पूर्व में दो हत्या का आरोपी रह चुका है। उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, मारपीट, शांतिभंग करने जैसे 9 संगीन अपराध दर्ज है। उससे पूछताछ कर रिक्शा चालक की हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद करने का प्रयास किया जा रहा है।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment