आगरा मुंबई राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित पेट्रोल पंप पर बंदूक की नोक पर बदमाशों ने की लूट की वारदात

आगरा मुंबई राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित पेट्रोल पंप पर बंदूक की नोक पर बदमाशों ने की लूट की वारदात

शाजापुर जिला मुख्यालय से 20 किलोमीटर दूर आगरा मुंबई राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित जियो कंपनी के पेट्रोल पंप पर गुरुवार रात को अज्ञात बदमाशों ने बंदूक के बल पर लूट की वारदात को अंजाम दिया। हथियारों से लैस होकर 8 बदमाश पेट्रोल पंप पर पहुंचे और वहां के कर्मचारियों के हाथ पैर रस्सी से बांध दिए। बदमाश सीसीटीवी के डीवीआर निकाल कर ले गए। इसके अलावा पेट्रोल पंप मालिक के साथ मारपीट कर गले से सोने की चैन, अंगूठी और नगद रूपए 40 हजार से अधिक लूट लिए। पंप पर रखी नगद राशि भी ले गए। बदमाशों ने पेट्रोल पंप के केबिन में भी तोड़फोड़ की। आईटी से संबंधित सभी सामान तोड़ दिए। बदमाशों के पास लोहे की राड़ और डंडे भी थे। बदमाश वारदात के बाद मालिक और कर्मचारी को केबिन में बंद कर भाग गए। पेट्रोल पंप पर एक बस डीजल डलवाने गई तो उन्हें मना कर दिया। बस स्टॉप को कुछ गडबड लगी और उन्होंने यह जानकारी पास के होटल व्यवसाई राहुल जैन को दी। जैन ने मक्सी पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पंप मालिक और कर्मचारियों को केबिन से बाहर निकाला। पंप मालिक को चोंट आई थी, उन्हें उपचार के लिए पुलिस ने अस्पताल में भेजा। घटनास्थल तराना थाना क्षेत्र में आता है,आज तराना पुलिस मौके पर जांच के लिए पहुंची। पुलिस जांच के पश्चात मामला दर्ज करेगी।

पेट्रोल पंप मालिक अखिलेश मंडलोई ने बताया वे रात 11.40 को पंप पर अचानक पहुंचे तो वहां लाईट बंद थी और वहां खड़े एक युवक ने कहा डीजल नहीं है। पंप मालिक ने कहा लाइट बंद क्यों है और लड़के कहां है। इतने में बदमाशों ने उन्हें घेर लिया और बंदूक से फायर किया। बंदूक चली नहीं। उसके बाद बदमाशों ने उनके साथ मारपीट की। बदमाशों ने उन्हें और तीन कर्मचारियों को केबिन में बंद कर दिया और वे भाग गए।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment