उज्जैन। पश्चिमी विक्षोभ का दूसरे दिन सोमवार शाम को असर दिखाई दिया। बारिश के साथ ओले गिरे और तेज आंधी चली। मौसम विभाग ने 2 दिन ओर ऐसा ही मौसम बना रहने की संभावना जताई है। रविवार को भी 25 से 30 किलोमीटर प्रतिघंटे से चली हवा के साथ तेज बारिश हुई थी। 2 दिनों से जारी बारिश के बाद तापमान में 5.5 डिग्री की गिरावट आ गई है।
मई माह की भीषण गर्मी के बीच प्रथम सप्ताह में मौसम का मिजाज बदला हुआ दिखाई दे रहा है। पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से पूरे प्रदेश में बारिश हो रही है। शहर में रविवार शाम से आंधी बारिश का सिलसिला बना हुआ है। रविवार शाम से सोमवार सुबह तक 18 मिलीमीटर बारिश हुई थी। जिसके बाद मौसम में ठंडक आ गई थी। सोमवार सुबह मौसम साफ हो गया था, धूप खिली हुई थी, लेकिन दोपहर में बादलों ने गरजना शुरू किया और हल्की बंूदाबांदी के बाद मौसम फिर साफ हो गया। इस बीच तापमान में 5.5 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। वेधशाला पर दिन का तापमान 35 डिग्री दर्ज किया गया, लेकिन शाम ढलने के बाद एक बार फिर मौसम ने करवट बदली और 7 बजे से तेज बारिश के साथ ओले गिरने लगे। करीब आधे घंटे तक एक रफ्तार के साथ बारिश हुई उसके बाद रिमझिम का दौर बना रहा। 2 दिनों से हो रही बारिश के चलते रविवार-सोमवार रात न्यूनतन तापमान ढाई डिग्री कम हो गया था। लोगों को गर्मी से राहत महसूस हो रही थी। मौसम विभाग की माने तो एक-दो दिन ओर ऐसा मौसम बना रह सकता है।
शादियों के कार्यक्रमों में पड़ा खलल
2 दिनों से शाम को हो रही बारिश से शादियों के कार्यक्रमों में खलल पड़ रहा है। मैरिज गार्डन परिसरों में कीचड़ फैलने के साथ पानी जमा हो गया है। तेज हवा चलने से कई स्थानों पर टेंट-तम्बू तक उड़ रहे है। बारिश के बीच बिजली जाने से अंधेरे छा रहा है। सोमवार शाम बारिश के साथ हुई ओलावृष्टि से वैवाहिक स्थलों पर पहुंचने वाले बचते दिखाई दिये।
