मां ने मासूम को खिड़की से फेंका, 5वीं मंजिल तक पहुंची आग, चार की हालत गंभीर
ब्रह्मास्त्र अजमेर
अजमेर के होटल में लगी आग में 4 साल के बच्चे सहित 4 लोग जिंदा जल गए। इसमें एक महिला भी शामिल है। डेढ़ साल के बच्चे सहित 4 लोग झुलसे हैं। इनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। उधर, तेजी से फैलती आग की चपेट में एक अन्य बच्चा भी आ गया था। मां ने उसे उठाकर खिड़की से नीचे फेंक दिया। वह मामूली रूप से झुलसा है।
डिग्गी बाजार स्थित नाज होटल में सुबह करीब 8 बजे आग लगी। देखते ही देखते आग होटल की 5वीं मंजिल तक पहुंच गई। होटल में बड़ी संख्या में जायरीन ठहरे हुए थे। इन लोगों ने खिड़कियों से कूदकर अपनी जान बचाई है। जेएलएन मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉक्टर अनिल सामरिया ने बताया- झुलसे हुए आठ लोग लाए गए थे। इनमें से चार की मौत हो गई। 4 की हालत गंभीर है। मरने वालों में एक बच्चा भी शामिल है। 15 लोगों को रेस्क्यू कर बाहर लाया गया है। हॉस्पिटल में एडमिट चार में से एक व्यक्ति 100 प्रतिशत झुलस गया है। बाकी तीन 50 और 60 प्रतिशत तक झुलसे हैं।
