उज्जैन। सावन माह के आखरी सोमवार को बाबा महाकाल की चौथी सवारी में शामिल होने लाखों श्रद्धालु धार्मिक नगरी में पहुंचे थे। आस्था की भीड़ में बदमाश भी सक्रिय रहे। नगर भ्रमण के बाद पालकी मंदिर पहुंची तो श्रद्धालुओं के साथ हुई वारदाते भी सामने आने लगी। 2 थाना क्षेत्र में 9 महिलाओं की चेन, एक का मंगलसूत्र और 36 श्रद्धालुओं के पर्स-मोबाइल गायब हो चुके थे।
3 अगस्त को सावन माह का पहला सोमवार होने पर बाबा महाकाल की सवारी निकाली गई थी। 10 अगस्त को दूसरा सोमवार और 17 अगस्त को तीसरे सोमवार के साथ नागपंचमी का पर्व था। 24 अगस्त को सावन का आखरी सोमवार था, शाम 4 बजे महाकाल मंदिर से बाबा महाकाल प्रजा को दर्शन देने परंपरागत मार्ग पर नगर भ्रमण के लिये निकले। लाखों की संख्या में श्रद्धालु बाबा की एक झलक पाकर दर्शन करने को आतुर थे। आस्था की भीड़ में हर सवारी की तरह बदमाशों की गैंग भी शामिल थी। पुलिस की कड़ी सुरक्षा-व्यवस्था होने के बावजूद भी बदमाशों ने मंदिर क्षेत्र से लेकर पूरे सवारी मार्ग पर वारदातों को अंजाम दिया। रात 8 बजे तक 2 थाना पुलिस के पास 46 श्रद्धालु अपने साथ हुई वारदात की शिकायत लेकर पहुंच चुके थे। महाकाल थाना पुलिस के पास 40 आवेदन पहुंचे थे। जिसमें 9 महिलाओं के गले से सोने की चेन गायब होना सामने आया था। 15 श्रद्धालुओं के पर्स चोरी हुये थे। वहीं 16 के मोबाइल भीड़ के बीच गायब हो चुके थे। खाराकुआ थाना क्षेत्र में 6 वारदात हुई थी। जिसमें जबलपुर से आई महिला श्रद्धालु के गले से छत्रीचौक क्षेत्र में पालकी दर्शन के दौरान मंगलसूत्र चोरी कर लिया गया था, 5 श्रद्धालुओं के मोबाइल चोरी होने की शिकायत पुलिस को मिली है। बताया जा रहा था कि महाकाल थाने पर कुछ ओर श्रद्धालु रात में अपना सामान गुम होने की शिकायत लेकर पहुंचे है।
चोरी की शंका में महिला-पुरूषों से पूछताछ
बताया जा रहा है कि आस्था की भीड़ में पुलिस ने 20 से अधिक महिला-पुरूषों को हिरासत में लिया है। जिन पर श्रद्धालुओं के साथ वारदात करने की शंका बनी हुई है। महाकाल पुलिस 16 और खाराकुआ पुलिस 4 से पूछताछ कर रही है। लेकिन किसी के पास से मोबाइल, पर्स और चेन की बरामदगी नहीं हो पाई थी। अंदेशा जताया जा रहा है कि वारदात के बाद चोरी किया सामान संदिग्धों ने अपने साथियों को थमा दिया था, जो भीड़ का फायदा उठाकर भाग निकले है। हिरासत में लिये गये सभी से उनके साथियों की जानकारी भी जुटाई जा रही है।
पहली सवारी में 4 महिलाओं की गई थी चेन
3 अगस्त को बाबा महाकाल की पहली सवारी होने पर 6 लाख से अधिक श्रद्धालु पहुंचे थे। इस दौरान चार महिलाओं के गले से हरसिद्धी मंदिर चौराहा पर चेन चोरी की वारदात होना सामने आया था। एक महिला श्रद्धालु ने लोगों की मदद से एक महिला को पकड़ लिया था। जिसके पास से चेन में लगा पेंडल बरामद हो गया था, लेकिन चेन नहीं मिल पाई थी। उस दौरान कई श्रद्धालुओं के मोबाइल भी चोरी हो गये थे। दूसरी सवारी में सवारी मार्ग पर 21 श्रद्धालुओं के मोबाइल पर्स चोरी होना सामने आया था। तीसरी सवारी के दौरान नागपंचमी का संयोग था, 12 लाख से अधिक श्रद्धालु पहुंचे थे, इस दौरान 2 से 3 चेन और 50 से अधिक पर्स मोबाइल चोरी की वारदात सामने आई थी।
000000
9 महिलाओं की चेन, एक का मंगलसूत्र, पर्स-मोबाइल उड़ाये महाकाल की चौथी सवारी में 46 वारदात, 20 हिरासत में