तमिलनाडू और खरगोन में मिली लापता बालिकाएं

उज्जैन। नागदा थाना क्षेत्र की रहने वाली 17 वर्षीय बालिका 3 अगस्त को लापता हो गई थी, वहीं 15 अगस्त को 16 साल की बालिका के लापता होने का मामला भी सामने आया था। पुलिस ने मामला नाबालिगों से जुड़ा होने पर अपहरण का प्रकरण दर्ज किया था। थाना प्रभारी अमृतलाल गवरी ने बालिकाओं की तलाश के लिये एसआई योगिता उपाध्याय, एएसआई दिनेश निनामा, प्रभुलाल मुनिया, प्रधान आरक्षक चितरंजन डामोर, महिला आरक्षक ज्योति वर्मा, उस्मानी शबनम, सुनीता डामोर की टीम बनाई और सायबर सेल प्रभारी एसआई प्रतिक यादव की मदद से बालिकाओं की तलाश तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर शुरू की। एक बालिका के तमिलनाडू के कोयंबटूर में होने का पता चलने पर पुलिस टीम दो हजार किलोमीटर दूर पहुंची और बालिका को दस्तयाब किया। दूसरी बालिका 300 किलोमीटर दूर खरगोन में होना सामने आई। उसे भी टीम दस्तयाब कर नागदा ले आई। दोनों बालिकाओं के बयान दर्ज करने पर 15 अगस्त को गई बालिका ने बताया कि उसकी इंस्टाग्राम पर रघु उर्फ राज प्रजापत से दोस्ती हुई थी, वह बहला-फुसलाकर खरगोन ले गया था, बालिका ने अपने साथ गलत होना बताया। पुलिस ने रघु को गिरफ्तार कर पास्को एक्ट की धारा का इजाफा किया है। दूसरी बालिका के बयान दर्ज करने पर भी उसके साथ गलत होना सामने आया है। आरोपी को राउंड अप कर लिया गया है। जिससे पूछताछ जारी है। दोनों को मंगलवार दोपहर कोर्ट में पेश कर जेल भेजा जायेगा। दोनों बालिकाओं को परिजनों के सुपुर्द किया गया है।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment