उज्जैन। मादक पदार्थ के अवैध कारोबार में शामिल बदमाश को शुक्रवार-शनिवार रात 11 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ गिरफ्तार किया गया है। शनिवार को कोर्ट में पेश कर 2 दिनों की पूछताछ के लिये रिमांड पर लिया गया है। बदमाश पर पूर्व में भी कई मामले दर्ज है।
जिले में युवाओं को नशे से मुक्त रखने के लिये एसपी प्रदीप शर्मा के निर्देशन में लगातार अभियान चलाकर नशे का अवैध कारोबार करने वालों की धरपकड़ की जा रही है। इसी कड़ी में शुक्रवार-शनिवार रात नीलगंगा थाना प्रभारी तरूण कुरील को खबर मिली कि कच्चा मसानिया क्षेत्र में मंदिर के पीछे एक व्यक्ति मादक पदार्थ की पुड़िया बेचने की फिराक में घूम रहा है। थाना प्रभारी ने एसआई वर्षा सोलंकी, एएसआई सेवाराम सखवार, आरक्षक दीपक दिनकर और महिला आरक्षक प्रियंका को मादक पदार्थ बेचने वाले की गिरफ्तारी के लिये रवाना किया। कच्चा मसानिया क्षेत्र में पुलिस को देख एक व्यक्ति ने भागने का प्रयास किया। शंका होने पर आरक्षक दीपक ने पीछा किया और उक्त व्यक्ति को पकड़ा। वह थाना क्षेत्र की राजीव रत्न कालोनी का रहने वाला राकेश उर्फ चीना पिता शांतिलाल जगदेव 40 साल होना सामने आया। पुलिस टीम द्वारा उसकी तलाशी ली गई तो उसमें पास से प्लास्टिक की पारदर्शी पन्नी में रखा मादक पदार्थ एमडी ड्रग्स बरामद हो गया। ड्रग्स मिलने पर उसे थाने लाया गया, जहां मादक पदार्थ की मात्रा 11 ग्राम होना पाई गई। जिसकी अंतर्राष्ट्रीय कीमत 1.10 लाख रूपये आंकी गई है। थाना प्रभारी कुरील के अनुसार राकेश उर्फ चीना के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/22 का प्रकरण दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया। जहां से 2 दिनों की पूछताछ के लिये रिमांड पर लिया गया है।
20 से अधिक रिकार्ड, पत्नी भी तस्कर
थाना प्रभारी तरूण कुरील ने बताया कि ड्रग्स के साथ हिरासत में आये बदमाश के खिलाफ 20 से अधिक मामले दर्ज है। जिसमें एनडीपीएस एक्ट के भी शामिल है। आरोपी की पत्नी पूजा भी मादक पदार्थ कारोबार की अवैध तस्करी में शामिल है। पूर्व में उसे भी कई बार पकड़ा जा चुका है। पूर्व में सख्त कार्रवाई की जा चुकी है, उसका अवैध मकान भी तोड़ा गया था। बावजूद फिर से आरोपी मादक पदार्थ के अवैध कारोबार में शामिल होना पाया गया है।
मिल सकता है कुछ ओर लोगों का सुराग
बताया जा रह है कि ड्रग्स मामले से जुड़े आरोपी राकेश से रिमांड अवधि में इस बात का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि वह ड्रग्स कहां से लेकर आया था। उसके साथ अवैध कारोबार में ओर कौन लोग जुड़े है। संभावना है कि कुछ ओर लोगों का पता चल सकता है। जिनकी गिरफ्तारी के प्रयास पुलिस द्वारा किये जायेगें।
11 ग्राम एमडी बरामद, 2 दिनों की रिमांड पर पूछताछ मादक पदार्थ ड्रग्स के साथ गिरफ्त में आया बदमाश