10वीं की परीक्षा के दौरान बच्चे को दिया जन्म

ब्रह्मास्त्र इंदौर

धार के पीथमपुर में 10वीं की बोर्ड परीक्षा के दौरान नाबालिग छात्रा ने बच्चे को जन्म दिया। घटना मंगलवार को सेंट जॉन स्कूल में गणित के पेपर के दौरान की है।

छात्रा सामान्य रूप से परीक्षा हॉल में बैठकर प्रश्नपत्र हल कर रही थी। इसी दौरान शौचालय जाने की अनुमति लेकर बाहर निकली। काफी देर तक वापस न लौटने पर जब स्कूल स्टाफ ने जाकर देखा, तो वहां छात्रा ने बच्चे को जन्म दे दिया था। स्कूल मैनेजमेंट ने बिना देरी किए 108 एम्बुलेंस को सूचना दी। मौके पर पहुंची मेडिकल टीम ने छात्रा और नवजात को तुरंत पीथमपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने पुष्टि की है कि फिलहाल मां और बच्चा दोनों पूरी तरह स्वस्थ हैं। परीक्षा केंद्र प्रभारी नरेंद्र कुमार पोथे ने कहा- मंगलवार को 17 वर्षीय छात्रा गणित का पेपर देते समय शौचालय गई थी। लगभग 15 मिनट तक वापस न लौटने पर एक महिला कर्मचारी को उसे देखने भेजा गया। बाथरूम का दरवाजा अंदर से बंद था। भीतर से बच्चे के रोने की आवाज आ रही थी। स्कूल स्टाफ ने छात्रा से कहकर गेट खुलवाया, फिर पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। सेक्टर 1 थाने की एसआई चांदनी सिंगार ने कहा- पीड़िता ने पूछताछ में बताया कि करीब दो साल पहले उसकी दोस्ती कान्हा बर्मन नाम के युवक से हुई थी। पिछले एक साल से उनके शारीरिक संबंध थे, जिससे वह गर्भवती हुई।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment