श्रद्धालुओं को गढकालिका –मोजमखेडी होकर पहुंचना होगा आज शाम से भैरवगढ जेल चौराहा से कालभैरव मंदिर मार्ग बंद -निर्माण कार्यों के प्रचलित होते किया गया मार्ग परिवर्तन

उज्जैन। सोमवार शाम से भैरवगढ जेल चौराहा से कालभैरव मंदिर पहुंचने के मुख्य मार्ग को निर्माण कार्यों के चलते आगामी समय तक बंद कर दिया जाएगा। ऐसे में उज्जैन आकर काल भैरव मंदिर के दर्शन करने वाले श्रद्धालु गढ़कालिका मंदिर और मोजमखेड़ी मार्ग से कालभैरव मंदिर पहुंच सकेंगे। इस आशय के निर्देश कलेक्टर रोशनकुमार सिंह ने दिए हैं। काल भैरव मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में बराबर इजाफा दर्ज किया जा रहा है।सिंहस्थ-2028 के दृष्टिगत श्री कालभैरव मंदिर आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को सुगम एवं व्यवस्थित दर्शन, बेहतर आवागमन, पार्किंग, पेयजल सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए तैयारियां प्रारंभ कर दी गई हैं। रविवार को कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने श्री कालभैरव मंदिर पहुंचकर मंदिर परिसर एवं आसपास की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया । इसके साथ ही उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। नई व्यवस्था के तहत सोमवार शाम से जेल चौराहा से श्री कालभैरव मंदिर तक पहुंच मार्ग बंद रहेगा। श्रद्धालु गढ़कालिका मंदिर और मोजमखेड़ी की ओर से कालभैरव मंदिर पहुंच सकेंगे।साईनेज लगाए जाएं-निरीक्षण के दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं के दर्शन मार्ग पर लगे बैरिकेड्स के बीच मैट बिछाने तथा धूप से बचाव के लिए नेट लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने मंदिर के आंतरिक एवं बाहरी परिसर में दर्शनार्थियों की सुविधा के लिए पर्याप्त एवं स्पष्ट साइनेज लगाने को कहा। मंदिर क्षेत्र में निर्माण एवं विकास कार्य प्रारंभ होने के कारण श्रद्धालुओं के आवागमन मार्ग में परिवर्तन किया जाएगा। ऐसे में मार्ग परिवर्तन की जानकारी साइनेज पर स्पष्ट एवं प्रमुखता से प्रदर्शित की जाए, ताकि बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो और वे आसानी से निर्धारित दर्शन मार्ग तक पहुंच सकें।दो लाख श्रद्धालु प्रतिदिन-कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि वर्तमान में उज्जैन में प्रतिदिन करीब दो लाख श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। श्री महाकालेश्वर के दर्शन के बाद बड़ी संख्या में श्रद्धालु श्री कालभैरव मंदिर भी पहुंचते हैं। मंदिर क्षेत्र में विकास कार्य प्रस्तावित है और इनका कार्य प्रारंभ हो चुका है।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment