शराब के साथ पकड़ाये युवक के पास मिली नकली पिस्टल -धमकाने के लिये करता था उपयोग, बाइक की गई जप्त

उज्जैन। बाइक सवार के पास अवैध शराब होने की खबर मिलने पर उसे गिरफ्तार करने के लिये पुलिस ने नाकाबंदी की। युवक को पकड़ा गया तो शराब के साथ उसके पास से पिस्टल बरामद हुई, जो नकली होना सामने आई।
भाटपचलाना थाना प्रभारी सत्येन्द्रसिंह चौधरी ने बताया कि मंगलवार-बुधवार रात खबर मिली थी कि रूनिजा की ओर से बाइक क्रमांक एमपी 11 एमडब्ल्यू 7892 पर सवार युवक झोले में शराब छुपाकर भाटपचलाना की ओर आ रहा है। युवक को पकड़ने के लिये एएसआई शैतानसिंह डिंडोर, प्रधान आरक्षक हरगोविंदसिंह, आरक्षक जीवन जाट, सुंदरलाल भंवर, राजेश सोयल और हितेश निम्बोला के साथ रूनिजा मार्ग बड़ी पुलिया के पास नाकाबंदी की गई। कुछ देर बाद बाइक सवार आता दिखाई दिया। जिसके पास डबल डायमंड चायपत्ती का झोला था। पुलिस टीम द्वारा घेराबंदी कर उसे पकड़ा गया। झोले में कच्ची जहरीली शराब की केन रखी पाई गई। शराब के साथ बाइक को जप्त कर युवक को थाने लाया गया। जहां पूछताछ में उसका नाम दीपक पिता रतनलाल नरवरिया निवासी नागदा कानवन सामने आया। उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 49 ए का प्रकरण दर्ज किया गया।
कमर में छुपाकर रखी थी नकली पिस्टल
बताया जा रहा है कि आरोपी युवक को शराब के साथ गिरफ्तार करने के बाद थाने लाकर प्रकरण दर्ज किया गया और रात में लॉकअप में बंद करने से पहले उसकी तलाशी ली गई। इस दौरान उसके पास से कमर में छुपाकर रखी पिस्टल बरामद हुई। जो लोहे की होकर नकली सामने आई। पिस्टल के संबंध में पूछताछ करने पर आरोपी ने कबूला कि वह लोगों को धमकाने के लिये पिस्टल रखता है। जानकारी यह भी सामने आई कि आरोपी का ससुराल भी भाटपचलाना में है। वह काफी समय से कच्ची जहरीली शराब बेचने का काम कर रहा है। जिसे पुलिस ने बुधवार को न्यायालय में पेश कर जेल भेजा है।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment