रतलाम में दिनदहाड़े घर में घुसकर सनसनीखेज वारदात बदमाशों ने महिला को बांधा, चोटी काटी,4 माह के मासूम को बाथरूम में फेंका

रतलाम। शहर के माणक चौक थाना क्षेत्र के हनुमान रुड़ी स्थित नाइयों की गली में सोमवार दोपहर दिनदहाड़े लूट और क्रूरता की एक रोंगटे खड़े कर देने वाली सनसनीखेज वारदात को बदमाशों ने अंजाम दिया है। दो अज्ञात बदमाशों ने घर में अकेली महिला को बंधक बनाकर उसकी चोटी काट दी और उसके महज चार महीने के मासूम बच्चे को बेरहमी से बाथरूम में फेंक दिया। वारदात के बाद घायल महिला और बच्चे को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां मासूम की हालत गंभीर होने के कारण उसे आईसीयू (ICU) में रखा गया है।

घटना सोमवार दोपहर करीब 1:30 बजे की बताई जा रही है। हनुमान रुडी निवासी अशोक सोलंकी अपने बड़े पोते को स्कूल से लेने के लिए घर से निकले थे। नीचे भाई का लड़का राकेश सो रहा था। इसी दौरान सूनेपन का फायदा उठाकर दो अज्ञात बदमाश मकान की पहली मंजिल पर स्थित कमरे में दाखिल हो गए। उस वक्त कमरे में अशोक सोलंकी की बहू मोनिका पति संजय सोलंकी अपने चार माह के दुधमुंहे बच्चे के साथ अकेली थी।

महिला से क्रुरता,बच्चे को फेंका-
लूट के इरादे से घर में घुसे बदमाशों ने क्रूरता की सारी हदें पार कर दीं। उन्होंने सबसे पहले चार महीने के मासूम बच्चे को छीनकर बाथरूम में फेंक दिया। इसके बाद मोनिका को पीछे के कमरे में ले जाकर बंधक बना दिया। दहशत फैलाने के उद्देश्य से बदमाशों ने महिला की चोटी भी काट दी। आरोपियों ने पूरे घर के सामान को उथल-पुथल कर दिया और अलमारी के नकूचे तोड़कर जेवरात व नकदी की तलाश की। बदमाश घर से कितना माल समेट कर ले गए हैं इसकी जांच समाचार लिखे जाने तक पुलिस कर रही थी।

ससुर के लौटने पर खुला राज-

घटना के करीब 20 मिनट बाद जब अशोक सोलंकी पोते को लेकर घर लौटे, तो अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। ऊपरी कमरे में जाने पर बच्चा बदहवास हालत में मिला, वहीं बहू मोनिका पीछे के कमरे में बंधी हुई तड़प रही थी। उन्होंने तुरंत बहू के बंधन खोले और दोनों घायलों को तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया।

पुलिस सीसीटीवी खंगालने में जुटी-

घटना की सूचना मिलते ही माणक चौक थाना प्रभारी विक्रम सिंह चौहान पुलिस बल और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट की टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया है। थाना प्रभारी के अनुसार, अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। क्षेत्र में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि बदमाशों की पहचान कर उन्हें जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment