इंदौर।इंदौर के द्वारकापुरी क्षेत्र में मानसिक रूप से बीमार चल रही एक महिला ने बुधवार को एसिड पी लिया। गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पुलिस के मुताबिक मृतका सोनू सिसौदिया (43) पत्नी स्वर्गीय जगदीश सिसौदिया निवासी ऋषि पैलेस कॉलोनी है। बुधवार दोपहर उसकी तबीयत बिगड़ने पर बेटा उसे इलाज के लिए एमवाय अस्पताल लेकर पहुंचा था। देर रात करीब 11 बजे उपचार के दौरान महिला ने दम तोड़ दिया।तांत्रिक से इलाज करा रहे थे परिजन-परिजनों ने पुलिस को बताया कि सोनू के पति जगदीश सिसौदिया की करीब आठ माह पहले बीमारी के चलते मौत हो चुकी थी। इसके बाद से महिला मानसिक रूप से परेशान रहने लगी थी। परिवार ने उसका उपचार डॉक्टरों के साथ तांत्रिक के माध्यम से भी कराने की कोशिश की थी।बताया गया कि दो दिन पहले ही परिवार में पोते का जन्म हुआ था। बुधवार को नवजात को अस्पताल से घर लाया गया। इसी दौरान सोनू ने बच्चे को घर के अंदर लेने से मना कर दिया और घबराने लगी। परिजनों ने उसे समझाने का प्रयास किया, लेकिन बाद में गुस्से और मानसिक तनाव में उसने एसिड पी लिया।
मानसिक बीमार महिला ने एसिड पीया: मौत, तांत्रिक से इलाज करा रहे थे परिजन; मर्ग कायम