महाकाल मंदिर परिसर में उ.प्र. की मासूम को लगा करंट -चरक के पीआईसीयू में उपचार, डॉक्टरों ने इंदौर रैफर की कही बात

उज्जैन। महाकाल मंदिर में परिसर में गुरूवार शाम उत्तरप्रदेश से माता-पिता के साथ आई 5 साल की मासूम बालिका को करंट लग गया। उसे चरक अस्पताल लाया गया। जहां पीआईसीयू में भर्ती किया, रात 11 बजे बालिका को इंदौर रैफर करने की बात कहीं गई, लेकिन माता-पिता काफी घबराये हुए थे।
उत्तरप्रदेश के गोंडा से राहुल कुमार गुप्ता धार्मिक यात्रा पर पत्नी, 5 साल की बेटी स्वरा और 7 साल के पुत्र के साथ उज्जैन आये थे। जहां होटल में ठहर कर देवदर्शन कर रहे थे। गुरूवार शाम वह महाकाल मंदिर संध्या आरती में पहुंचे थे, आरती के बाद गुप्ता दंपति दोनों बच्चों के साथ वापस होटल जाने के लिये बाहर आये। इस दौरान मंदिर परिसर में सांची पाइंट के पास अचानक 5 साल की मासूम का वहां लगे पोल पर हाथ लग गया, मासूम स्वरा को जोरदार झटका लगा और वह बेहोश हो गई। मां और पिता ने उसे पोल के पास से खिंचा, इस दौरान मासूम के पैर खरोंच आ गई। मासूम को तत्काल 2 युवकों की मदद से चरक अस्पताल लाया गया। जहां मासूम को पीआईसीयू में भर्ती किया गया, कुछ देर बाद मासूम को होश आ गया था। डॉक्टरों ने ईसीजी किया, माता-पिता काफी घबराये हुए थे। मासूम की हालत में स्थिर थी लेकिन चिंताजनक बनी हुई थी। जिसके चलते रात 10.30-11 बजे के लगभग पीआईसीयू स्टॉफ ने इंदौर रैफर करने की बात कहीं। लेकिन परिवार बाहर का होने और पीआईसीयू में उपचार कराने की बात कहने लगा। रात 12 बजे खबर लिखे जाने तक मासूम चरक अस्पताल के पीआईसीयू में भर्ती थी।
ड्युटी कम्पाउंडर ने पुलिस को दी सूचना
मासूम स्वरा को मंदिर परिसर में करंट लगने पर चरक अस्पताल लाने के बाद ड्युटी कम्पाउंडर द्वारा मामले की सूचना महाकाल थाना पुलिस को दी गई। जहां से प्रधान आरक्षक रत्नेश श्रीवास्तव बालिका की स्थिति देखने और परिजनों के बयान लेने चरक अस्पताल पहुंचे। लेकिन पिता अपनी बेटी की स्थिति देख कुछ भी बोलने को तैयार नहीं थे, उन्होने सिर्फ यहीं कहा कि मंदिर परिसर में सांची पार्इंट के पास करंट लगा है। वह पुलिस को बाद में बयान देगें।
पैरों में नहीं थी चप्पल, हुई थी बारिश
मासूम की मां ने बताया कि वह चार दिन पहले उज्जैन आये थे, शुक्रवार को वापस लौटने की टिकट है। संध्या आरती से बाहर आने पर उनके पैरों में चप्पल नहीं थी। बारिश होने पर परिसर गीला था। बेटी ने पानी मांगा था, वह सांची पाइंट पर पानी की बोतल लेने जा रहे थे, तभी पोल से हाथ लगने पर स्वरा को झटका लगा। घटना बाहर आते समय हुई बताया जा रहा था कि गेट नम्बर 10 है।
इनका कहना
बालिका का उपचार चरक अस्पताल में चल रहा है, उसकी हालत ठीक है। माता-पिता से घटना की जानकारी लेकर जांच की जायेगी।
गगन बादल, थाना प्रभारी महाकाल

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment