महाकालेश्वर की सवारी में सांस्कृतिकता एवं सामाजिकता की झलक,  प्रथम सवारी में वैदिक उद्बोधन रहेगा श्रद्धालुओं का आकर्षण – मंदसौर पशुपतिनाथ में पर्व पर नहीं रहेगा गर्भगृह प्रवेश

उज्जैन। भगवान श्री महाकालेश्वर की श्रावण-भादौ मास में 3 अगस्त से निकलने वाली सवारियों को लेकर मंदिर प्रबंध समिति ने थीम निर्धारित कर दी है। इस वर्ष निकलने वाली 5 सामान्य एवं एक अंतिम राजसी कुल 6 सवारी में से प्रत्येक में अलग सांस्कृतिक एवं सामाजिक झलक श्रद्धालुओं को देखने को मिलेगी। इधर मंदसौर में भगवान श्री पशुपतिनाथ मंदिर प्रबंध समिति की बैठक में तय किया गया है कि पर्व के दौरान मंदिर के गर्भगृह में प्रवेश नहीं रहेगा। भगवान की शयन आरती श्री महाकाल की तर्ज पर दीपक की ज्योति से करने का निर्णय लिया गया।

श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति द्वारा श्रावण-भादौ मास 2026 में भगवान श्री महाकालेश्वर की नगर भ्रमण सवारियों को अधिक भव्य, आकर्षक एवं जन-जागरूकता से जोड़ने के उद्देश्य से प्रत्येक सवारी के लिए अलग-अलग थीम निर्धारित की गई है। इन थीमों के माध्यम से श्रद्धालुओं को धार्मिक, सांस्कृतिक, सामाजिक एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़े संदेश दिए जाएंगे।

मंदिर प्रशासक एवं अपर कलेक्टर प्रथम कौशिक के अनुसार प्रत्येक सवारी के सुव्यवस्थित संचालन के लिए प्रभारी एवं सहायक अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। साथ ही मध्यप्रदेश के विभिन्न जिलों से आने वाले जनजातीय नृत्य दल सभी सवारियों में अपनी मनोहारी प्रस्तुतियां देंगे।

03 अगस्त की प्रथम सवारी को वैदिक उद्बोधन थीम दिया गया है। 10 अगस्त द्वितीय सवारी को विभिन्न लोक नृत्य थीम रहेगा। 17 अगस्त की तृतीय सवारी में पुलिस, आर्मी, होमगार्ड, विद्यालयीन एवं निजी बैंड की प्रस्तुति रहेगी। 24 अगस्त की चतुर्थ सवारी पर्यावरण संरक्षण के थीम पर रहेगी। 31 अगस्त पंचम सवारी में 84 महादेव की झांकी रहेगी। 07 सितम्बर राजसी सवारी सिंहस्थ महापर्व-2028 की झांकी तथा ड्रोन के माध्यम से पुष्प वर्षा की रहेगी।सवारियों में जनजातीय नृत्य दलों की प्रस्तुतियां श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगी, जबकि अंतिम राजसी सवारी में ड्रोन से होने वाली पुष्प वर्षा सवारी की भव्यता को बढ़ाएगी।

श्री महाकाल की तर्ज पर होगी श्री पशुपतिनाथ की आरती-

श्री पशुपतिनाथ मंदिर प्रबंध समिति की बैठक में तय किया गया है कि मंदिर दर्शन व्यवस्था के अंतर्गत मंदिर का समय प्रातः 5:00 से रात्रि 11:00 तक पूर्व अनुसार निर्धारित रहेगा। भगवान की शयन आरती महाकाल की तर्ज पर दीपक की ज्योति से करने के संबंध में भी चर्चा एवं निर्णय लिया गया। इस वर्ष भी सोमवार, रविवार, हरियाली अमावस्या, नाग पंचमी तथा अन्य विशेष त्‍यौहारों पर सुरक्षा की दृष्टि से गर्भ गृह में प्रवेश नहीं दिया जा सकेगा दर्शनार्थ बाहर से दर्शन लाभ ले सकेंगे। बैठक कलेक्टर श्रीमती अदिती गर्ग की अध्यक्षता में हुई।  बैठक में श्रावण माह 2026 के अंतर्गत होने वाले विभिन्न आयोजनों एवं व्यवस्थाओं के बारे में निर्णय लिए गए। बैठक में बताया गया कि मनोकामना अभिषेक श्रावण मास में प्रातः 8:30 बजे से 10:30 बजे तक संस्कृत पाठशाला के वेदपाठी ब्राह्मणों तथा आचार्य श्री विष्णु प्रसाद जी ज्ञानी द्वारा कराया जाएगा। ब्राह्मणों द्वारा किए जाने वाले जजमानी अभिषेक पूजा हवन आदि मंदिर व्यवस्था के दृष्टिगत हाल नंबर दो में किए जाएंगे पुजारी जी ड्यूटी टाइम में मंदिर गर्भ गृह में यात्री दर्शनर्थियों की फूल माला भगवान को अर्पण करेंगे। मंदिर परिसर में स्थित यात्री विश्रामगृह में निशुल्क व्यवस्था एवं श्री पशुपतिनाथ अतिथि गृह में सशुल्क व्यवस्था रहेगी। श्रावण माह में मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था एवं पार्किंग व्यवस्था के लिए भी निर्णय लिया गया। बैठक में बताया गया कि घाट पर स्नान व्यवस्था पेयजल सफाई एवं मंदिर पहुंच मार्ग चंद्रपुरा खिलचिपुरा, पुरानी पुलिया, नवीन पुलिया, महू नीमच रोड पर स्थित गेट तथा चौराहे की एवं मंदिर सिह द्वार चौराहे की स्ट्रीट लाइट की दुरुस्ती तथा आकर्षक विद्युत साज सज्‍जा करवाई जाएगी साथ ही घाट की सफाई आदि व्यवस्थाओं के लिए भी कार्य किया जाएगा श्रावण माह में यात्रियों के स्वास्थ्य हेतु डॉक्टर, कंपाउंडर ,आवश्यक औषधियां तथा प्राथमिक उपचार के लिए व्यवस्था रहेगी इस दौरान निरंतर विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की गई है बैठक में भगवान श्री पशुपतिनाथ जी की राजसी एवं पालकी यात्रा निकालने के संबंध में भी चर्चा एवं निर्णय लिए गए । बैठक में श्री पशुपतिनाथ मंदिर परिसर तथा अतिथि गृह चंद्रपुरा की छत पर सौर ऊर्जा पैनल लगाने के संबंध में भी निर्णय लिया गया। बैठक के बाद कलेक्टर ने पशुपतिनाथ केफ़िटेरिया रोड तथा रेस्ट हाउस का भी निरीक्षण किया । बैठक में नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती रमा देवी बंशीलाल गुर्जर, जनपद पंचायत अध्यक्ष बसंत शर्मा, अपर कलेक्टर एकता जायसवाल, एएसपी टीएस बघेल, प्रबंधक राहुल रुनवाल तथा समिति सदस्य गण उपस्थित थे।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment