उज्जैन। भगवान श्री पशुपतिनाथ की नगरी मंदसौर में मंदिर प्रबंध समिति यहां आने वाले श्रद्धालुओं को सस्ती दर पर भोजन एवं नाश्ता उपलब्ध करवाने की तैयारी में लगी है। इसको लेकर सभी कार्रवाई अंजाम दे दी गई है। बहुत जल्द यहां पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को इसका लाभ मिलना शुरू हो जाएगा। भोजनशाला में सामान्य भोजन थाली मात्र 60 रुपए में उपलब्ध होगी। कैंटीन में चाय 10 रुपए, कॉफी 12 रुपए, लस्सी 20 रुपए, छाछ 10 रुपए तथा दही 20 रुपए में उपलब्ध कराया जाएगा।श्री पशुपतिनाथ मंदिर प्रबंध समिति के सचिव एवं एसडीएम मंदसौर शिवलाल शाक्य के अनुसार समिति अध्यक्ष एवं कलेक्टर अदिति गर्ग के प्रयासों से परिसर स्थित भोजनालय के संचालन हेतु टेंडर प्रक्रिया पूर्ण हो गई है। उनके निर्देशानुसार ही श्रद्धालुओं के लिए मंदिर परिसर में इस तरह की व्यवस्थाओं को अंजाम दिया जा रहा है। श्रद्धालुओं एवं आमजन की सुविधा के लिए श्री पशुपतिनाथ मंदिर के सामने स्थित मेघदूतम-कैफेटेरिया परिसर में संचालित भोजनशाला एवं कैंटीन में विभिन्न खाद्य एवं पेय पदार्थ निर्धारित दरों पर उपलब्ध कराए जाएंगे। भोजनालय एवं कैंटीन के प्रारंभ होने से पशुपतिनाथ मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को गुणवत्तापूर्ण भोजन एवं नाश्ते की सुविधाएं उचित एवं निर्धारित दरों पर उपलब्ध हो सकेंगी।भोजनशाला में सामान्य भोजन थाली मात्र 60 रुपए में उपलब्ध होगी, जिसमें सब्जी, दाल, चावल, 4 रोटी, सलाद, पापड़, अचार एवं रायता शामिल रहेगा। इसके अतिरिक्त विशेष भोजन के रूप में कढ़ी-चावल, दाल-चावल एवं राजमा-चावल की एक-एक प्लेट 40 रुपए में उपलब्ध कराई जाएगी।भोजन के साथ अतिरिक्त सामग्री के रूप में रोटी 5 रुपए प्रति नग, बटर रोटी 8 रुपए प्रति नग, पापड़ 5 रुपए तथा ग्रीन सलाद 20 रुपए में उपलब्ध रहेगा।कैंटीन में चाय 10 रुपए, कॉफी 12 रुपए, लस्सी 20 रुपए, छाछ 10 रुपए तथा दही 20 रुपए में उपलब्ध कराया जाएगा। इसके अतिरिक्त कोल्ड ड्रिंक, आइसक्रीम एवं विभिन्न प्रकार के शेक एमआरपी दरों पर उपलब्ध रहेंगे।नाश्ते की श्रेणी में समोसा एवं कचोरी 10-10 रुपए, आलू पराठा 20 रुपए, खमन 30 रुपए, उपमा 40 रुपए, इडली-सांभर 50 रुपए, प्लेन डोसा 50 रुपए, मसाला डोसा 60 रुपए, पाव भाजी 60 रुपए तथा छोले भटूरे 60 रुपए में उपलब्ध रहेंगे।सिंहस्थ-2028 के दौरान राजस्थान से आने वाले श्रद्धालु बडी संख्या में मंदसौर होते हुए उज्जैन पहुंचेंगे। इस दौरान आवागमन के समय में भगवान श्री पशुपतिनाथ के दर्शन के लिए भी बडी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है।