बड़नगर में दर्दनाक हादसा, 3 मृतको में 4 साल का मासूम बाइक को टक्कर मारने के बाद पलटी फायर बिग्रेड

उज्जैन/बड़नगर। आग लगने की सूचना मिलने पर गुरूवार शाम बड़नगर नगर पालिका की फायर बिग्रेड तेजगति से जा रही थी, बाइक से टक्कर होने पर चालक संतुलन नहीं संभाल पाया और फायर बिग्रेड पलटी खा गई। बाइक पर सवार पिता-पुत्र के साथ 16 साल के युवक की मौत हो गई। मासूम बालिका के साथ महिला और युवक घायल हुआ है।
बड़नगर के ग्राम भौमलवास में आग लगने की सूचना मिलने पर नगर पालिका की फायर बिग्रेड क्रमांक एमपी 13 जीए 0672 लेकर चालक सतीश पिता हरदेवसिंह सोलंकी निकला था। नयापुरा से खोप दरवाजा के बीच से गुजरते समय चालक ने बाइक को टक्कर दी। रफ्तार अधिक होने पर फायर बिग्रेड का संतुलन बिगड़ गया और पलटी खा गई। बाइक पर मासूम के साथ उसके पिता और एक 16 साल का युवक सवार था। वहीं फायर बिग्रेड के पलटने पर रास्ते से गुजर रही महिला, मासूम बालिका और एक व्यक्ति चपेट में आकर घायल हो गये। हादसा होते ही लोगों की भीड़ जमा हो गई। बड़नगर थाना प्रभारी अशोक पाटीदार मौके पर पहुंच गये थे। सभी घायलों को अस्पताल पहुंचा गया। जहां एक की मौत होना सामने आया, वहीं 4 साल के मासूम के साथ एक गंभीर घायल को उज्जैन रैफर किया गया। लेकिन उज्जैन पहुंचने से पहले दोनों की मौत हो गई। पुलिस ने मौके से फायर बिग्रेड के चालक सतीश को हिरासत में ले लिया। बताया जा रहा था कि चालक नशे की हालत में था। जिसके खिलाफ धारा 304-ए का प्रकरण दर्ज किया गया। पुलिस ने घटनास्थल से लोगों की भीड़ का हटाकर मार्ग पर पलटी फायर बिग्रेड को जेसीबी की मदद से हटाया और आवागमन शुरू कराया।
एम्बलेंस को बंद मिला रेलवे फाटक
बड़नगर से गंभीर घायल मासूम और उसके पिता को उज्जैन रैफर किया गया था। एम्बुलेंस दोनों को उज्जैन लेकर आ रही थी, लेकिन उज्जैन-बड़नगर मार्ग पर रेलवे फाटक बंद होने पर आधे घंटे की देरी हो गई। फाटक खुलने पर चालक एम्बुलेंस लेकर चरक अस्पताल पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद मासूम और उसके पिता को मृत घोषित कर दिया। मासूम का नाम आवेश बैरागी 4 साल और पिता जितेन्द्र पिता मोहनदास बैरागी निवासी धतुरिया होना सामने आया। वहीं बड़नगर में मृतक का नाम सुजल पिता कमलसिंह डाबी 16 साल होना पता चला। थाना प्रभारी अशोक पाटीदार के अनुसार तीनों मृतक एक ही बाइक पर सवार होना सामने आये है। घायलों में संतोष पिता फकीरचंद बरगुंडा 45 साल, उजाला पति मिथुन सिंगर 35 साल और तनीषा पिता जितेन्द्र बैरागी 4 साल है। जिनका उपचार बड़नगर अस्पताल में चल रहा है।
घायलों से मिलने अस्पताल पहुंचे विधायक
फायर बिग्रेड से हुई दुर्घटना की खबर मिलते ही बड़नगर विधायक जितेन्द्र पंड्या घायलों से मिलने के लिये अस्पताल पहुंच गये थे। उन्होने सभी से उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली। सभी का बेहतर उपचार करने के निर्देश डॉक्टरों को दिये। वहीं दोषी वाहन चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया। घटनास्थल के साथ अस्पताल में बड़नगर पूर्व विधायक मुरली मोरवाल, नगर पालिका अध्यक्ष अभय टोंग्या, एसडीएम धीरेंद्र पाराशर, एसडीओपी महेंद्र सिंह परमार, तहसीलदार माला राय भी पहुंचे थे।
घायलों को नपा की ओर से आर्थिक सहायता
बड़नगर नगर पालिका अध्यक्ष अभया टोंग्या ने अस्पताल में घायलों से चर्चा करते हुए गंभीर घायलों को 50 हजार और मामूली घायलों को 15 हजार की आर्थिक सहायता नपा की ओर से दिये जाने की बात कहते हुए उपचार का खर्च उठाने की बात कहीं। मृतको के परिजनों का प्रशासनिक स्तर पर सहायता मिल सकती है। जिसकी जानकारी सामने नहीं आ पाई थी।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment