देवास।देवास में रविवार को टाटा चौराहे के पास बिजली के पोल पर काम करते समय एक ठेका कर्मी की 11 केवी करंट लगने से मौत हो गई। मृतक की पहचान काछी गुराड़िया निवासी गौरीशंकर कुशवाह (21) के रूप में हुई है।
वह एक ठेकेदार के माध्यम से अपसोर कंपनी में कार्यरत था।जानकारी के अनुसार, गौरीशंकर विद्युत पोल पर चढ़कर कार्य कर रहा था। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कार्य के लिए परमिट होने के बावजूद विद्युत लाइन चालू कर दी गई, जिसके कारण उसे करंट लगा। गंभीर हालत में उसे जिला चिकित्सालय ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।इस मामले में बिजली कंपनी के ईई अनस सिद्दीकी ने अलग पक्ष रखा है। उन्होंने बताया कि मृतक उनकी ओर से अधिकृत व्यक्ति नहीं था और विभाग की ओर से इस कार्य के लिए कोई परमिट जारी नहीं किया गया था।घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि कार्य किसके निर्देश पर किया जा रहा था और सुरक्षा संबंधी सभी प्रक्रियाओं का पालन किया गया था या नहीं।