-पिता-पुत्र लेपटॉप पर लगवा रहे थे दांव दयानंद कालोनी में चल रहा था आनलाइन क्रिकेट सट्टा

उज्जैन। भारत-अफगानिस्तान के बीच गुरूवार रात चल रहे क्रिकेट मैच पर पिता-पुत्र लेपटॉप के माध्यम से आॅनलाइन सट्टे का दांव लगवा रहे थे। खबर मिलने पर नागदा पुलिस ने दयानंद कालोनी में दबिश मारी। पिता-पुत्र को गिरफ्तार किया गया है।
नागदा की दयानंद कालोनी में जैन परिवार के मकान में आॅनलाइन क्रिकेट सट्टा चलने की खबर पुलिस को मिली थी। थाना प्रभारी अमृतलाल गवरी एसआई विरेन्द्रसिंह चौहान, एएसआई अरविंद गणावा और प्रधान आरक्षक-आरक्षक की टीम बनाकर मकान पर दबिश मारी। छत पर बने कमरे में अनिल पिता माणकलाल जैन और उसका पुत्र अमन जैन लेपटॉप पर दांव लगवाते मिल गये। थाना प्रभारी ने बताया कि मौके से 1 लाख 98 हजार रूपये नगद 2 लेपटॉप, 7 मोबाइल, लेपटॉप में लगा कीबोर्ड, चार्जर जप्त किया गया। नगदी और जप्त उपकरणों की कीमत 3.50 लाख रूपये है। पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर थाने लाया गया। दोनों के खिलाफ ध्रुत अधिनियम की धारा 4 (क) प्रकरण दर्ज किया गया। शुक्रवार को कोर्ट में पेश किया गया था, जहां से अनिल जैन को न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया। उसके खिलाफ पूर्व में 6 से 7 प्रकरण दर्ज है। पुत्र को जमानत पर रिहा किया गया है।
चौके-छक्के और विकेट पर था दांव
बताया जा रहा है कि पुलिस की विवेचना में सामने आया कि पिता-पुत्र मिलकर मोबाइल के माध्यम से भारत-अफगानिस्तान के बीच चल रहे तीसरे टी-20 मैच के रौचक मुकाबले में चौके-छक्के और विकेट पर दांव लगा रहे थे। हर ओवर कितने रन बनेगें, इस पर भी भाव तय किया जा रहा था। पुलिस को यह भी पता चला कि अनिल जैन लम्बे समय से क्रिकेट का सट्टा आॅनलाइन कर रहा है। वह देश-विदेश में चलने वाले टूर्नामेंट में खाईवाली का काम करता है। पुलिस पिता-पुत्र से जप्त किये गये मोबाइल की डिटेल भी खंगाल रही है।
2024 में पकड़ाया था 14 करोड़ का सट्टा
वर्ष 2024 में मध्यप्रदेश का सबसे बड़ा आॅनलाइल सट्टा उज्जैन में पकड़ा गया था। क्राइम ब्रांच और पुलिस ने मुसद्दीपुरा के साथ ड्रीम्स कालोनी में एक साथ दबिश देकर 14 करोड़ 58 लाख रूपये नगद, 15 लेपटॉप औरे कई मोबाइल के साथ 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया था। सट्टे का सरगना पियुष चौपड़ा बताया गया था। जिसने अलग राज्यों से खाईवाली के लिये युवको को बुलाया था। मामले में ईडी भी जांच के लिये उज्जैन आई थी।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment