उज्जैन। शहर में जल संरक्षण और स्वच्छता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से नगर निगम आयुक्त श्री अभिलाष मिश्रा ने सोमवार को ग्रांड होटल में होटल एवं होमस्टे संचालकों की बैठक आयोजित की। बैठक में शहर के प्रमुख होटल व्यवसायी मौजूद रहे, जिनसे अपने प्रतिष्ठानों में रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाने और स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने की अपील की गई।
आयुक्त ने कहा कि वर्तमान समय में जल संरक्षण अत्यंत आवश्यक है। वर्षा के जल का सही तरीके से संचय करने से भूमिगत जल स्तर में वृद्धि होगी और भविष्य में जल संकट की समस्या से राहत मिल सकेगी। उन्होंने सभी संचालकों से आग्रह किया कि वे अभियान के रूप में रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम को प्राथमिकता के साथ स्थापित करें।
इसके साथ ही आयुक्त ने स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि होटल संचालक अपने परिसरों में नियमित सफाई सुनिश्चित करें और नालियों की सफाई भी समय-समय पर करवाएं। आने वाले यात्रियों और श्रद्धालुओं को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करें, ताकि वे भी शहर को साफ रखने में सहयोग दें।
बैठक में यह भी निर्देश दिए गए कि सभी होटल और होमस्टे में पर्याप्त संख्या में डस्टबिन लगाए जाएं और निकलने वाले कचरे का उचित प्रबंधन स्वयं किया जाए। आयुक्त ने कहा कि स्वच्छता और जल संरक्षण दोनों ही शहर के सतत विकास के लिए जरूरी हैं और इसमें सभी की सहभागिता महत्वपूर्ण है।
इस दौरान अपर आयुक्त संतोष टैगोर, उपायुक्त योगेंद्र सिंह पटेल सहित होटल संचालक पंडित राजेश त्रिवेदी, मनोज अग्रवाल, मुकेश कुमार, राजेश शर्मा, श्री भरत सोनी, राम शर्मा एवं अन्य लोग उपस्थित रहे।