परीक्षाओं का कैलेंडर तो जारी लेकिन पालन नहीं हो रहा उज्जैन के भी अभ्यर्थी  रिजल्ट आने की राह देख रहे है

उज्जैन। मप्र कर्मचारी चयन मंडल द्वारा आयोजित भर्ती परीक्षाओं का रिजल्ट समय पर नहीं आ रहा है और ऐसे में उज्जैन के भी परीक्षार्थी रिजल्ट आने की राह देख रहे है। बताया जा रहा है कि मप्र कर्मचारी चयन मंडल (ईएसबी) ने 2025 में होने वाली परीक्षाओं का कैलेंडर जारी कर दिया था, लेकिन इस कैलेंडर का पालन नहीं किया जा रहा है। यानी भर्ती परीक्षाएं समय पर नहीं हो पा रही हैं। यही नहीं जो परीक्षाएं कराई जा रही हैं उनका रिजल्ट समय पर नहीं आ रहा है।
इससे अभ्यर्थियों को परेशान होना पड़ रहा है। मप्र कर्मचारी चयन मंडल वार्षिक परीक्षा कैलेंडर के मुताबिक परीक्षाओं का आयोजन नहीं करा पा रहा है। साल 2025 की कई भर्ती परीक्षाएं अगले साल आयोजित हो पाएंगी।अभ्यर्थियों का कहना है कि कई भर्ती परीक्षाएं समय से आयोजित नहीं की जा रही हैं, जिससे उम्र की समय-सीमा भी निकल रही है।
दरअसल, मप्र में सरकारी भर्तियों में लेटलतीफी से अभ्यर्थी परेशान हो रहे हैं। भर्ती परीक्षाएं होने के बाद परीक्षा परिणाम आने और फिर नियुक्ति होने में दो साल से भी ज्यादा का समय लग रहा है। प्रदेश में स्कूल शिक्षा विभाग की भर्तियों में सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है। गौरतलब है कि सरकार का टारगेट सभी सरकारी विभागों के खाली पदों को भरना है। इसके चलते स्कूल शिक्षा विभाग, वन विभाग, पुलिस, स्वास्थ्य सहित अन्य सभी सरकारी विभागों के खाली पद भरे जा रहे हैं। भर्ती परीक्षाएं मप्र कर्मचारी चयन मंडल के माध्यम से आयोजित की जा रही हैं। कर्मचारी चयन मंडल समय पर परीक्षाएं नहीं करा पा रहा है। परीक्षाएं होने के बाद परीक्षा परिणाम जारी करने में देरी हो रही है। परीक्षा परिणाम आने के बाद संबंधित विभाग भर्ती प्रक्रिया समय पर पूरी नहीं कर पा रहे। इससे अभ्यर्थियों को परेशान होना पड़ रहा है।  मंडल ने इस बार अब तक 8 भर्ती परीक्षाओं का आयोजन किया है। इनमें से सिर्फ 4 के परीक्षा परिणाम जारी हुए हैं, जबकि कर्मचारी चयन मंडल ने साल की शुरुआत में 15 भर्ती परीक्षाएं कराने का टारगेट तय किया था। अब इनमें से कुछ भर्ती परीक्षाएं अगले साल आयोजित हो पाएंगी। कर्मचारी चयन मंडल का परीक्षा कैलेंडर हर साल गड़बड़ा जाता है। इससे परीक्षा परिणाम जारी होने में भी देरी होती है। इसका असर पूरी भर्ती प्रक्रिया पर पड़ता है।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment