नशे के कारोबार पर पुलिस का बड़ा प्रहार ड्रग्स के साथ नागपुर-बिहार के 2 युवक गिरफ्त में

उज्जैन। नशे से जिले के साथ प्रदेश को मुक्त करने के अभियान में कदम बढ़ा रही उज्जैन पुलिस को सोमवार-मंगलवार रात बड़ी सफलता मिली। नागपुर और बिहार के युवकों को गिरफ्तार कर 1 किलो से अधिक एमडी ड्रग्स (मेफेड्रोन)जप्त की गई। दोनों को 13 जून तक रिमांड पर लिया गया है।
एसपी प्रदीप शर्मा ने बताया कि रात्रि गश्त के दौरान चिमनगंज थाना पुलिस को गरोठ हाइवे ब्रिज के नीचे सर्विस रोड के पास अंधेरे में स्वीफ्ट डिजायर कार क्रमांक एमएच 13 एफआर 2515 खड़ी दिखाई दी। गश्त में शामिल एसआई लिबिन खेस, एएसआई दिनेश सारोठिया, आरक्षक तेजकरण हिरवे, जगदीश गेहलोत, संदीप चौधरी ने टीम के साथ कार के पास पहुंचकर जांच शुरू की। उसमें 2 युवक सवार थे, पूछताछ करने पर उनके नाम पंकज पिता श्यामराव चरड़े 34 साल निवासी प्रभासिटी पवनगांव नागपुर महाराष्ट्र और अमित पिता महेन्द्र तिवारी 20 साल निवासी बिहार हाल मुकाम जयसिंहपुरा सामने आये। बाहरी युवक होने पर संदेह हुआ और कार की तलाशी ली गई तो उसमें रखा एक बॉक्स मिला। जिसे मौके पर ही पुलिस टीम द्वारा खोला गया तो प्लास्टिक की थैली में हल्के भूरे रंग का पाउडर नुमा पदार्थ रखा पाया गया। सख्ती से पूछताछ करने पर दोनों ने एमडी ड्रग्स होना कबूल कर लिया। कार जप्त कर मादक पदार्थ सहित दोनों को थाने लाया गया। दोनों के खिलाफ मामले में एनडीपीएस एक्ट का प्रकरण दर्ज किया गया। मादक पदार्थ ड्रग्स 1 किलो 15 ग्राम था। जिसकी कीमत 15 लाख रूपये सामने आई है। कार 5.50 लाख कीमत की है। दोनों को मंगलवार दोपहर कोर्ट में पेश कर 13 जून तक रिमांड पर लिया गया है।
मंदसौर से लाये थे, नागपुर में थी खपाना
थाना प्रभारी विवेक कनोड़िया ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि दोनों मंदसौर से ड्रग्स लेकर आये थे और नागपुर सप्लाय करने के लिये लेकर जा रहे थे। दोनों ने ड्रग्स उपलब्ध करने वाले मंदसौर के एक व्यक्ति के साथ नागपुर में मादक पदार्थ कारोबार से जुड़े 2 लोगों के नाम बताये है। मंदसौर के ड्रग्स तस्कर की तलाश में एक टीम रवाना की गई है। नागपुर के दोनों लोगों के संबंध में भी जांच जारी है। संभावना है कि रिमांड अवधि में मादक पदार्थ तस्करी से जुड़े कुछ ओर लोगों की जानकारी सामने आ सकती है।
160 दिन में 70 आरोपी गिरफ्त में
एसपी  प्रदीप शर्मा ने बताया कि नशे के अवैध कारोबार और युवाओं को नशे से दूर रखने के लिये चलाये जा रहे अभियान में इस वर्ष के 160 दिनों में जिले की पुलिस द्वारा करीब 70 आरोपियों को 2 करोड़ से अधिक की एमडी ड्रग्स के साथ पकड़ा जा चुका है। पिछले पांच सालों में जो भी अवैध मादक पदार्थ कारोबार से जुड़े होना सामने आये है। उनके खिलाफ बाउंड ओवर की कार्रवाई की गई है। कुछ को जिलाबदर किया गया है। वहीं 160 दिन में 8 आरोपियों के खिलाफ पीट एनडीपीएस एक्ट की कार्रवाई की गई है। जिसमें 2 के खिलाफ मंगलवार को वारंट जारी कराकर गिरफ्तार किया गया है।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment