दोहरे हत्याकांड के आरोपी ने किया कोर्ट में समर्पण

उज्जैन। नीलगंगा चौराहा पर गोरकर परिवार पर हमला कर दोहरे हत्याकांड को अंजाम देने वाले आरोपियों में शामिल एक ने मंगलवार को कोर्ट में समर्पण कर दिया। जिसे 23 अगस्त तक रिमांड पर लिया गया है। 20 दिन पहले भी 2 आरोपियों ने सरेंडर किया था।
18 जुलाई की रात नीलगंगा चौराहा पर पासी गिरोह के बदमाशों ने तलवार-चाकू, कट्टों से गोरकर परिवार पर हमला किया था। कई राउंड गोलियां चलाई थी। जिसमें सगे भाईयों लोकेश गोरकर और जितेश गोरकर की मौत हो गई थी। दोनों के चाचा दिलीप गोरकर और चचेरा भाई तपन गोरकर घायल हुआ था। पुलिस ने मामले में तपन गोरकर की शिकायत पर 8 नामजद और अन्यों के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया था। जिसके बाद से लगातार आरोपियों की तलाश जारी है। मंगलवार को एक आरोपी सन्नी पिता संतोष बोरासी  निवासी जबरन कालोनी ने कोर्ट में समर्पण कर दिया। एसआई यादवेन्द्र परिहार ने बताया कि आरोपी को 23 अगस्त तक रिमांड पर लिया गया है। जिससे फरार आरोपियों के संबंध में पूछताछ की जा रही है। विदित हो कि 29 जुलाई को हत्याकांड से जुड़े 2 आरोपियों संजय पिता रामलखन पासी जबरन कालोनी और वेदू पिता दीपक पासी निवसी महू इंदौर ने कोर्ट में समर्पण किया था। दोहरे हत्याकांड का मुख्य आरोपी रोशन पासी और 3 साथी अब भी फरार है।
अब तक इनकी हो चुकी गिरफ्तारी
दोहरा हत्याकांड सामने आने के बाद दूसरे दिन पुलिस ने एक आरोपी नरेश पासी को लालपुल के पास से शार्ट एनकाउंटर में गिरफ्तार कर लिया था। वहीं एक नाबालिग और 2 आरोपियों पियुष पिता विजय पासी निवासी कुमार खाड़ी बाणगंगा, विवेक पिता दिनेश वर्मा निवासी बड़ी ग्वालटोली इंदौर को मंछामन मल्टी से गिरफ्तार किया था। वहीं अर्थव गर्ग निवासी विवेकानंद कालोनी, राकेश पासी, दुर्गेश पासी जबरन कालोनी और मंजू उर्फ मीना बोरासी के साथ पूर्व में समर्पण कर चुके संजय पासी और वेदू पासी को जेल भेजा जा चुका है।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment