उज्जैन। दिनदहाड़े ग्रामीण क्षेत्रों में चोरी करने वाले शातिर बदमाश से कायथा में हुई चोरी की वारदात का खुलासा हुआ है। बदमाश ने 2.14 लाख के आभूषण चोरी करने के बाद शाजापुर में दोस्त के खेत में गड्ढा खोदकर छुÞपा दिये थे।
कायथा थाना प्रधान आरक्षक गोपाल पटेल ने बताया कि 25 मई को ग्राम बिरगोद में दिनदहाड़े सौदानसिंह के मकान में चोरी की वारदात होना सामने आया था। बिरगोद में कभी दिनदहाड़े चोरी की वारदात सामने नहीं आई थी। जिसके चलते मामले में संदेह बना था, बावजूद जांच शुरू की गई। सौदानसिंह से पूछताछ में सामने आया कि उसके गांव में 2 मकान है। वह तराना काम से गया था, पत्नी, बच्चे दूसरे मकान पर थे। जिस मकान में चोरी हुई उसकी कुंडी लगी थी। दोपहर में पत्नी दूसरे मकान से लौटकर आई तो उसने पेटी का ताला टूटा पाया था। जिसमें रखे पुस्तैनी आभूषण गायब थे। मामले की गंभीरता से जांच शुरू की गई। इस बीच पता चला कि तराना के ग्रामीण क्षेत्र में दिनदहाड़े चोरी करते ग्रामीणों ने माखन पिता चंदरसिंह 40 साल निवासी ग्राम हनौती थाना मक्सी जिला शाजापुर को पकड़कर तराना पुलिस के सुपुर्द किया है। बिरगोद में हुई चोरी का माखनसिंह पर होते ही उसे पूछताछ के लिये एसआई पवनसिंह कुशवाह, आरक्षक पवन वर्मा, सुल्तान, सुरेन्द्र पांडे की टीम पहुंची। माखन से सख्त पूछताछ में बिरगोद की चोरी का सुराग मिल गया। तराना पुलिस की पूछताछ के बाद माखनसिंह को प्रोटेक्शन रिमांड पर लिया गया। जिसे कायथा लाकर पूछताछ करने पर सामने आया कि उसने शाजापुर में ठिकाने लगाये है। आभूषण बरामद के लिये बदमाशों को शाजापुर ले जाया गया, जहां उसने बरगलाने का प्रयास शुरू कर दिया। काफी मशक्कत के बाद उसने कबूल किया कि दोस्त के खेत में गड्ढा खोदकर आभूषण छुपा रखे है। पुलिस टीम खेत पहुंची और उसके बताये स्थान पर खुदाई की गई। जहां से चोरी के पूरे आभूषण बरामद कर लिये गये। गुरूवार को न्यायालय में पेश कर जेल भेजा गया है।
तराना में नकली आभूषण लगे थे हाथ
तराना एसआई हरिराम अंगोरिया ने बताया कि उक्त बदमाश ग्राम बीजपड़ी में दिनदहाड़े चोरी करने पहुंचा था। उसने एक मकान का ताला तोड़कर आभूषण चोरी कर लिये थे, लेकिन भागने का प्रयास करते समय लोगों ने उसे पकड़ लिया था। उससे आभूषण बरामद किये गये। मकान मालिक को बुलाया गया और पूछताछ की गई तो सामने आया कि बदमाश जो आभूषण चोरी कर भाग रहा था वह आर्टिफिशल है। लेकिन उसने ताला तोड़कर वारदात की है। उक्त मामले में बदमाश के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है।
रात में नहीं करता है चोरी
कायथा पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि बदमाश माखन काफी शातिर है। वह रात में चोरी को अंजाम नहीं देता है। वह दिन में सूने मकान की रैकी करता है और मौका पाकर ताला तोड़कर वारदात अंजाम देता है। उसके खिलाफ ग्रामीण क्षेत्रों में चोरी के मामले दर्ज होना सामने आये है।
दोस्त के खेत में छुपाये थे 2.14 लाख के आभूषण -हिरासत में दिनदहाड़े चोरी करने वाला बदमाश, पूर्व में कर चुका था वारदात