मंगलगिरी। आंध्र प्रदेश के मंगलगिरी से रिश्तों को शर्मसार करने वाला एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक पत्नी ने महज टीवी की आवाज कम करने को लेकर हुए विवाद में अपने ही पति की बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान 27 वर्षीय शेख अहमद के रूप में हुई है, जो पेशे से एक एसी मैकेनिक था। अहमद अपनी पत्नी के साथ मंगलगिरी की टिडको हाउसिंग कॉलोनी में रहता था। पुलिस ने बताया कि टीवी की तेज आवाज को लेकर दोनों के बीच बहस शुरू हुई थी। यह मामूली कहासुनी इतनी बढ़ गई कि पत्नी ने तैश में आकर अपने पति पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। चाकू के हमले से गंभीर रूप से घायल हुए शेख अहमद को लहूलुहान हालत में देखकर आस-पास के लोगों ने तुरंत विजयवाड़ा के सरकारी जनरल अस्पताल में भर्ती कराया। हालांकि, डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद इलाज के दौरान अहमद ने दम तोड़ दिया।
टीवी की आवाज कम करने का कहने पर चाकू से गोदकर कर दी पति की हत्या