उज्जैन। जिले के ग्रामीण थाना क्षेत्रों में अपराधियों की धरपकड़ और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने विशेष कॉम्बिंग गश्त अभियान चलाया। गुरूवार-शुक्रवार की रात की गई गश्त में 73 स्थायी और 86 गिरफ्तारी वारंट की तामील की।
पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा के निर्देश पर 2 दिनों से ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस द्वारा कॉम्बिंग गश्त की जा रही है। बुधवार-गुरूवार रात तराना अनुभाग के 3 थाना क्षेत्रों में कॉम्बिंग गश्त अभियान चलाया गया था। वहीं गुरूवार-शुक्रवार रात पुलिस ने जिले के सभी ग्रामीण थाना क्षेत्रों में एक साथ काम्बिंग गश्त की। इस दौरान 35 बदमाशों, 70 गुंडों और तीन चिन्हित अपराधियों की चेकिंग की। 18 असामाजिक तत्वों के खिलाफ धारा 151 के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से करीब 100 असामाजिक तत्वों के विरुद्ध बाउंड ओवर की कार्रवाई भी की गई। वहीं 159 स्थायी और गिरफ्तार वारंट की तामिली कराई गई। पुलिस के अनुसार कॉम्बिंग गश्त का उद्देश्य फरार वारंटियों की गिरफ्तारी, आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों पर निगरानी और असामाजिक तत्वों पर अंकुश लगाना है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि जिले में अपराधों की रोकथाम और आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत करने के लिए इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे।
ग्रामीण क्षेत्रों में रातभर चली पुलिस की कॉम्बिंग गश्त