सुसनेर। चैत्र माह के पावन अवसर पर मंगलवार को नगर में गणगौर माता की भव्य शोभायात्रा श्रद्धा और उत्साह के साथ निकाली गई। इस आयोजन का नेतृत्व महिला मंडल द्वारा किया गया, जिसमें क्षेत्र की महिलाओं एवं युवतियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ श्रीराम मंदिर धर्मशाला से किया गया, जहां से शोभायात्रा हरि नगर स्थित सरिता मोदानी के निवास तक निकाली गई। शोभायात्रा के दौरान श्रद्धालुओं द्वारा भजन-कीर्तन, मंगल गीत एवं पूजा-अर्चना की गई, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। शोभायात्रा में गणगौर माता की सुसज्जित प्रतिमा आकर्षण का केंद्र रही। महिलाओं ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इस धार्मिक आयोजन ने न केवल श्रद्धा का संदेश दिया, बल्कि सामाजिक एकता और सांस्कृतिक परंपराओं को भी मजबूती प्रदान की।
गणगौर माता की शोभायात्रा, महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में लिया उत्साहपूर्वक भाग