उज्जैन / मध्य प्रदेश में मानसून पूरी तरह सक्रिय है। बुधवार को करीब 9 घंटे के दौरान 27 से अधिक जिलों में बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार, सबसे ज्यादा दमोह में 1.75 इंच बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा नर्मदापुरम में 1.1 इंच, खजुराहो और टीकमगढ़ में 0.75 इंच तथा जबलपुर, खरगोन और बैतूल में 0.5 इंच बारिश हुई।दतिया, धार, ग्वालियर, रतलाम, उज्जैन, सागर, सतना, मंदसौर, शाजापुर, देवास और सीहोर समेत कई जिलों में भी अच्छी बारिश हुई।लगातार बारिश से कई स्थानों पर जनजीवन प्रभावित हुआ। खरगोन में रूपारेल नदी के तेज बहाव में एक युवक की मौत हो गई, जबकि मंदसौर में जर्जर सड़क और जलभराव से परेशान लोगों ने चक्काजाम कर विरोध जताया। बारिश के कारण तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग ने अगले एक-दो दिनों तक कई जिलों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है ।खरगोन जिले के झिरन्या की पहाड़ी रूपारेल नदी के तेज बहाव में युवक बह गया। लोगों ने नाले की रपट पर जाकर उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन वह पाइप में बुरी तरह से फंस गया। उसकी पहचान 36 वर्षीय दादू पिता गंगाराम भील के रूप में हुई है। वह संजय नगर झिरन्या का रहने वाला था। क्षेत्र में लगातार बारिश होने से नदी-नाले उफान पर है। पिछले साल भी संजय नगर के कालू पिता नत्थू भील की इसी नदी के तेज बहाव में बहने से मौत हो गई थी। सेंधवा में बुधवार सुबह से हो रही लगातार बारिश के बाद क्षेत्र के नदी-नालों का जलस्तर बढ़ गया और बाढ़ की स्थिति बन गई। नागलवाड़ी में सेंगाव जाने वाले मार्ग की पुलिया पर पानी बहने के बावजूद लोग जान जोखिम में डालकर उसे पार करते रहे।मंदसौर शहर के अंबेडकर चौराहे से कोर्ट रोड तक की जर्जर सड़क के विरोध में बुधवार को स्थानीय नागरिकों और वकीलों ने चक्काजाम कर दिया। सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढों और बारिश के बाद फैले कीचड़ से नाराज प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर बैठकर नगर पालिका और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। उन्होंने सड़क की तत्काल मरम्मत और पुनर्निर्माण की मांग की।
खरगोन में रूपारेल नदी के तेज बहाव में एक युवक की मौत ,उज्जैन, सागर, सतना, मंदसौर, शाजापुर, देवास और सीहोर समेत कई जिलों में भी अच्छी बारिश हुई