उज्जैन। क्षिप्रा नदी में डूबे युवक का शव बनारस की एनडीआरएफ टीम ने एसडीआरएफ के साथ संयुक्त सर्चिंग अभियान में बुधवार को खोज निकाला। मंगलवार को मिर्गी का दौरा पड़ने पर दिव्यांग युवक त्रिवेणी पुलिया से नदी में गिरा था।
नानाखेड़ा थाना प्रभारी नरेन्द्र कुमार यादव ने बताया कि मंगलवार दोपहर को त्रिवेणी पुलिया से क्षिप्रा नदी में ग्राम शक्करवासा का रहने वाला राहुल पिता ओमप्रकाश प्रजापत 19 वर्ष गिर गया था। उसे डूबता देख लोगों ने पुलिस को सूचना दी थी। युवक के परिजन भी मौके पर आ गये थे। उन्होने बताया था कि मिर्गी का दौरा पड़ता था और एक हाथ से दिव्यांग था। क्षिप्रा की गहराई में समा चुके युवक की तलाश के लिये होमगार्ड की एसडीआरएफ की टीम बुलाई गई थी। 3 बजे से 7.30 बजे तक सर्चिंग की गई, लेकिन कुछ पता नहीं चला था। सर्चिंग अभियान अंधेरा होेने पर बंद कर दिया गया था। बुधवार सुबह एसडीआरएफ की टीम बनारस से वर्षाकाल के लिये आई 11 वीं बटालियन की एनडीआरएफ के सदस्य त्रिवेणी पुलिया पहुंचे और दोबारा से सर्चिंग शुरू की गई। शाम 4 बजे के लगभग डूबे युवक का शव बाहर निकाल लिया गया। जिसे तत्काल पोस्टमार्टम के लिये चरक अस्पताल भेजा गया, मामले में मर्ग कायम कर शाम को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
दोपहर में परिजनों का फूटा गुस्सा
मंगलवार को डूबे राहुल की तलाश दूसरे दिन भी जारी थी, इस बीच 20 घंटे से अधिक का समय गुजर जाने पर राहुल का पता नहीं चला तो परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा, वह चक्काजाम करने पर अड़ गये। इंदौररोड पर उन्होने रास्ता रोकने का प्रयास किया, नानाखेड़ा थाना प्रभारी नरेन्द्र कुमार यादव ने परिजनों को जल्द राहुल को तलाशने का आश्वासन दिया और चक्काजमा के लिये अड़े परिजनों को धैर्य दिलाया।
30 सदस्यों की टीम लगी थी तलाश में
होमगार्ड प्लाटून कमांडर पुष्पेन्द्र त्यागी ने बताया कि मंगलवार को एसडीआरएफ टीम द्वारा सर्चिंग की गई थी। बुधवार को बनारस से आई एनडीआरएफ की टीम पर तलाशी अभियान में शामिल हुई। 30 सदस्यों की टीम ने सर्चिंग शुरू की थी। इस दौरान डीप डायर्वस भी नदी में उतरे। नदी में बारिश का पानी होने से अंदर मिट्टी-गाद जम चुकी थी, कुछ दिक्कते आई, लेकिन युवक को खोज निकाला।
एसडीआरएफ-एनडीआरएफ ने चलाया सर्चिंग अभियान बनारस की टीम ने खोजा क्षिप्रा में डूबे युवक का शव