उज्जैन। ऋणमुक्तेश्वर मंदिर के पास क्षिप्रा नदी के ब्रिज पर मिली कार के बाद ड्रायवर के क्षिप्रा में कूदने की आशंका को देखते हुए 2 दिनों से एसडीआरएफ की टीम सर्चिंग अभियान चला रही है। मंगलवार शाम तक ड्रायवर का कुछ पता नहीं चल पाया था।
तिलकेश्वर कालोनी में रहने वाले ऋषभ सोलंकी ने सोमवार तड़के जीवाजीगंज थाना पुलिस को बताया कि उनकी कार पर मोहननगर में रहने वाला अनिल सोलंकी ड्रायवरी करता है। रविवार को उसे कहा था कि परिवार को बाहर जाना है। कार घर आकर छोड़ जाना। लेकिन वह रविवार देर रात तक नहीं आया। उसे मोबाइल पर कॉल किया लेकिन रिसिव नहीं हो रहा था। कार में जीपीएस लगा हुआ था, जिसे ट्रेक किया गया तो लोकेशन क्षिप्रा नदी के ऋणमुक्तेश्वर ब्रिज के पास मिली। जहां सोमवार तड़के 4 बजे पहुंचने पर सामने आया कि कार के चारों गेट खुले है, जिसमें अनिल का मोबाइल रखा हुआ है। चप्पल के साथ चांदी की चेन भी कार की सीट पर है। ऋषभ ने आशंका जताई कि अनिल ने क्षिप्रा में छलांग लगाई है। थाना प्रभारी विवेक कनोडिया के अनुसार सोमवार तड़के ही पुलिस टीम ब्रिज पर पहुंची। ऋषभ अपनी कार लेकर लौट गया। वहीं अनिल की तलाश में सर्चिंग शुरू की गई। सुबह 7 बजे एसडीआरएफ टीम के पांच सदस्य विनोद पांचाल, महेश कुशवाहा, गौरव पांचाल, विजेन्द्रसिंह और सुरेश सोलंकी ने मोटर बोट के साथ उपकरणों की मदद से अभियान शुरू किया। सोमवार देर शाम तक कुछ पता नहीं चल पाया। दूसरे दिन मंगलवार सुबह फिर से सर्चिंग के लिये एसडीआरएफ के जवान पहुंचे। लेकिन शाम को अंधेरा ढलने तक भी क्षिप्रा में ड्रायवर के डूबने की पुष्टि नहीं हो पाई। 2 दिनों की तलाश के बाद माना जाने लगा कि ड्रायवर अनिल गाड़ी छोड़कर कहीं चला गया है। फिर भी थाना प्रभारी कनोडिया के अनुसार जब तक कार चालक का पता नहीं चल जाता, उसकी क्षिप्रा में तलाश जारी रखी जायेगी।
चिमनगंज में दर्ज कराई गई गुमशुदगी
अनिल के लापता होने और कार क्षिप्रा नदी के ब्रिज पर मिलने की खबर लगते ही इंदौर गई अनिल की पत्नी कोमल उज्जैन लौटी, उसने बताया कि परिवार से जानकारी मिली है। पति बिना बताये घर से निकला है। जीवाजीगंज थाना प्रभारी ने परिवार को अनिल के लापता होने पर संबंधित थाने में गुमशुदगी दर्ज कराने की बात कहीं। पत्नी ने चिमनगंज थाने पहुंचकर पति के लापता होने की गुमशुदगी दर्ज कराई गई है। थाना प्रभारी कनोड़िया के अनुसार जिस स्थान पर कार मिली है, वह भी महाकाल थाने की सीमा में लगाता है।
मिलने पर ही पता चल पायेगी घटना
क्षिप्रा नदी में 2 दिनों की सर्चिंग के बाद कहा जा रहा है कि अनिल के मिलने पर ही पता चल पायेगा कि घटना की वजह क्या है। परिजनों ने कर्ज और विवाद की बातों से भी इंकार कर दिया है। पुलिस कार में मिले मोबाइल से भी जानकारी जुटाने का प्रयास कर रही है कि उसकी आखिरी बार किसे और कब बात हुई थी।
ऋणमुक्तेश्वर ब्रिज पर मिली कार, पत्नी ने दर्ज कराई गुशुदगी लापता ड्रायवर की तलाश में 2 दिनों से क्षिप्रा में सर्चिंग