उज्जैन। नशे से दूरी जरूरी अभियान में पुलिस ने लोगों को जागरूक करने का काम किया था और नशे के कारोबार में शामिल लोगों की सूचना देने की बात कहीं थी। इसी क्रम में सोमवार को मंगलनाथ मंदिर मार्ग से चिमनगंज थाना पुलिस ने एक महिला और युवक को हिरासत में लिया। जिनके पास से 1 किलो 185 ग्राम गांजा बरामद किया गया है।
चिमनगंज थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि एक महिला और युवक मंगलनाथ मार्ग कमेड पुलिया के पास मादक पदार्थ ठिकाने लगाने की फिराक में घूम रहे है। थाना प्रभारी गजेन्द्र पचौरिया ने तत्काल एसआई जितेन्द्र सोलंकी, एएसआई दिनेश सरोठिया, प्रधान आरक्षक महेश व्यास, मनोज कटारिया, आरक्षक अर्जुन जाटव, महिला आरक्षक पूजा सोनगरा, नेहा और कौशल्या को घेराबंदी के लिये रवाना किया। टीम ने दोपहर में बाफना पार्क में रहने वाली नीता उर्फ अंजली पति स्व. राजेन्द्र डोंड और योगेश्वर पिता बलराम सौंधिया निवासी बटावदा जीरापुर राजगढ़ को हिरासत में लिया। जिनके पास से एक थैली में भरा मादक पदार्थ गांजा जप्त हुआ। दोनों को थाने लाने पर गांजा 1 किलो 185 ग्राम कीमत 50 हजार से अधिक होना सामने आया। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 का प्रकरण दर्ज किया। दोनों को दोपहर बाद कोर्ट में पेश किया गया, जहां से पूछताछ के लिये 2 दिनों की रिमांड पर लिया गया है।
मार्च में जेल से रिहा हुई थी महिला
थाना प्रभारी पचौरिया ने बताया कि मादक पदार्थ गांजे के साथ हिरासत में आई महिला पूर्व में भी नशे के कारोबार में शामिल होना सामने आई है। उसे जूनी इंदौर पुलिस ने 2 किलो गांजे के साथ पकड़ा था। मार्च माह में ही जेल से रिहा हुई थी। उसके बाद भी मादक पदार्थ के कारोबार में शामिल होकर नशे का कारोबार कर रही थी। उज्जैन में पहली बार पकड़ा सामने आई है।
आगर की ओर से लाना बताया गांजा
पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में महिला और युवक ने गांजा आगर की ओर से लाना कबूल किया है। रिमांड पर लेने के बाद पुलिस इस बात का पता लगाने में जुटी है कि आगर की ओर से गांजा किससे प्राप्त किया गया था और शहर में किसे ठिकाने लगाने की फिराक में थे। सुराग मिलने पर एक टीम गांजा उपलब्ध करने वाले की तलाश में आगर भेजी जा सकती है
आगर से लाना कबूला, 2 दिन की रिमांड पर पूछताछ महिला-युवक हिरासत में, मिला 1.185 किलोग्राम गांजा
