अभियान के बावजूद फिर बेखौफ अवैध शराब बिक्री, प्रशासन को अल्टीमेटमके साथ दी चेतावनी

सनावद। नगर में अवैध शराब बिक्री के खिलाफ पहले चलाए गए अभियान के बावजूद हालात फिर जस के तस हो गए हैं। समाजसेवी बंधु संगठन, जागरूक नागरिकों और पत्रकारों के प्रयासों से कुछ समय तक कार्रवाई हुई, लेकिन अब अवैध शराब के अड्डे फिर बेखौफ संचालित होने लगे हैं। इसे लेकर संगठन ने आबकारी अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर दो दिन में अवैध कारोबार बंद कराने की मांग की है।वार्ड क्रमांक 1 के निवासी शुभम शर्मा ने बताया कि नगर में कई स्थानों पर स्कूल से महज 40 मीटर की दूरी पर शराब बिक्री हो रही है। आसपास सोनोग्राफी सेंटर, मंदिर और यात्री प्रतीक्षालय भी हैं। इन स्थानों पर महिलाओं, गर्भवती माताओं, विद्यार्थियों और आम नागरिकों का नियमित आवागमन रहता है। ऐसे संवेदनशील स्थलों के आसपास शराब बिक्री और खुलेआम शराबखोरी से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।ज्ञापन में निर्धारित कीमत से अधिक दर पर शराब बेचने का आरोप भी लगाया गया है। संगठन का कहना है कि अवैध कारोबार से जुड़े फोटो, वीडियो और ऑनलाइन भुगतान के साक्ष्य पहले भी प्रशासन को दिए गए थे। नए ज्ञापन के साथ भी साक्ष्य संलग्न किए गए हैं।संगठन ने प्रशासन से दो दिन के भीतर अवैध शराब बिक्री और अड्डों पर रोक लगाने की मांग की है। मांग पूरी नहीं होने पर आगे की कार्रवाई को लेकर भी चेतावनी दी गई है।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment