उज्जैन। उज्जैन के उन बीजेपी नेताओं की आस अब जल्द ही पूरी होने वाली है जो निगम मंडलों और उज्जैन विकास प्राधिकरण में अपनी राजनीतिक नियुक्ति होने की राह देख रहे है। बताया जा रहा है कि मोहन यादव सरकार जल्द ही राजनीतिक नियुक्तियां करने वाली है और इसके लिए 95 प्रतिशत नाम तय भी कर लिए गए है। हालांकि यह जानकारी नहीं मिल सकी है कि जिन नामों को तय किया गया है उनमें उज्जैन के कितने बीजेपी नेता शामिल है।
बताया जा रहा है कि भोपाल में बीते दो दिनों पहले प्रदेश भाजपा व संगठन की छोटी टोली बैठक हुई थी और इसमें निगम मंडलों, प्राधिकरणों और आयोगों में की जाने वाली राजनीतिक नियुक्तियों पर हुई। प्रत्येक नामों पर बारी-बारी से चर्चा की गई। 95 फीसद नाम तय कर लिए गए। सूत्रों के मुताबिक कुछ मंत्रियों व विधायकों के अलग-अलग विषयों सामने आए मन-मुटावों को भी दूर करने के प्रयास किए गए। छोटी टोली की बड़ी बैठक में राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिव प्रकाश और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव समेत सभी मौजूद रहे। इस टोली का गठन डेढ़ माह पहले किया गया था और इसका मुख्य काम समन्वय है और बड़े विषयों पर मध्यस्थता कर उनका निपटारा करना है। बता दें इससे पहले 20 सितंबर को टोली की बैठक हुई थी। सूत्रों के अनुसार बिहार चुनाव परिणाम का इंतजार नियुक्यिों के लिए किया जा रहा था और अब चुनाव परिणाम आ गया है इसलिए नामों की सूची कभी भी जारी की जा सकती है।
