उज्जैन। पुलिस चैकिंग के दौरान हूटर बजाकर निकलने का प्रयास कर रहे चालक को पुलिस ने रोक लिया। बोलेरो पर अनाधिकृत तरीके से हूटर लगाया गया था। बोलेरो को जप्त कर चालक के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट अधिनिमय की कार्रवाई की गई है।
जिले में एसपी के निर्देश पर प्रतिदिन वाहनों की चैकिंग का अभियान चलाया जा रहा है। शुक्रवार रात महिदुपर थाना प्रभारी अशोक पाटीदार टीम के साथ कस्बे में वाहनों की चैकिंग कर रहे थे। इस दौरान बोलेरो क्रमांक एमपी 09 सीए 9491 के चालक द्वारा हूटर बजाकर चैकिंग पाइंट से निकलने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने बोलेरो को रोका, चालक हर्षवर्धन पिता प्रकाशचंद निवासी स्नेहसिटी महिदपुर द्वारा रोब दिखाने का प्रयास किया। पुलिस ने हूटर संबंधित जानकारी मांगी, जो अनाधिकृत तरीके से लगा होना सामने आया। पुलिस ने बोलेरो को जप्त किया और मामले में मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185, 185 (4), 3/181 का इस्तगासा तैयार किया। थाना प्रभारी पाटीदार ने बताया कि चालक नशे की हालत में था, उसे मेडिकल परीक्षण के लिये शासकीय अस्पताल भेजा गया, जहां उसके द्वारा शराब का सेवन किया जाना सामने आने पर चालक के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। बताया जा रहा है कि बोलेरो चालक शराब पीने का आदी है, वह अपने वाहन पर हूटर लगाकर लोगों पर रौब जमाता रहा है।
हूटर बजाकर चैकिंग पाइंट से गाड़ी निकलने का प्रयास -पुलिस ने जप्त की बोलेरो, चालक पर कार्रवाई