रतलाम। सैलाना विधायक कमलेश्वर डोडियार ने नगर परिषद सैलाना के खिलाफ 14 मई से धरने पर बैठने की चेतावनी दी है। विधायक का आरोप है कि सैलाना नगर परिषद से जनहित से जुड़े नामांतरण प्रकरणों की जानकारी समय पर उपलब्ध नहीं कराई जा रही है।जनप्रतिनिधि के संवैधानिक ‘विशेषाधिकार’ का हनन बताते हुए अनिश्चितकालीन धरने पर बैठेंगे।विधायक डोडियार ने बताया कि 28 अप्रैल 2026 को पत्र के माध्यम से मुख्य नगरपालिका अधिकारी, नगर परिषद सैलाना से नामांतरण प्रकरणों की विस्तृत जानकारी मांगी गई थी।पत्र में उल्लेख किया था कि सैलाना विधानसभा क्षेत्र के नागरिक लगातार शिकायत कर रहे हैं कि नामांतरण मामलों में अनावश्यक देरी की जा रही है। नगर परिषद से पूछा था कि 26 मार्च 2026 तक कुल कितने नामांतरण प्रकरण प्राप्त हुए, उनमें से कितने स्वीकृत और कितने अस्वीकृत किए गए।इसके साथ ही स्वीकृत एवं अस्वीकृत प्रकरणों की अलग-अलग सूची, आवेदकों के नाम, संपत्ति का विवरण, खसरा नंबर, वार्ड नंबर, स्वीकृति दिनांक और बैठक की तारीख सहित पूरी जानकारी मांगी थी। उन्होंने यह भी पूछा था कि जिन नामांतरण प्रकरणों को स्वीकृत किया गया है, वे सभी नगरीय सीमा क्षेत्र के अंतर्गत आते हैं या नहीं।
सैलाना विधायक 14 मई से धरने पर बैठेंगे; नामांतरण मामलों की जानकारी नहीं मिलने से नाराज