मुंबई\ बॉलीवुड एक्टर सैफ अली खान को जान से मारने की धमकी मिली है। इस मामले में बाबा सिद्दीकी हत्याकांड के वांटेड आरोपी जीशान अख्तर का नाम सामने आया है। मुंबई पुलिस के सूत्रों के अनुसार, बताया जा रहा है कि जीशान अख्तर ने सैफ अली खान को धमकी दी है। हालांकि, पुलिस अभी इसकी जांच कर रही है कि धमकी उसी ने दी है या किसी दूसरे व्यक्ति ने उसका नाम इस्तेमाल किया।जांच एजेंसियां यह भी पता लगा रही हैं कि धमकी के पीछे किसी गैंग का हाथ है या कोई शख्स फर्जी पहचान से डर फैला रहा है। फिलहाल, धमकी देने वाले की आधिकारिक पहचान की पुष्टि नहीं हुई है। बाबा सिद्दीकी हत्याकांड में वांटेड जीशान अख्तर को लेकर पुलिस पहले से सतर्क है। पिछले साल सैफ अली खान पर 15 जनवरी को उनके घर सतगुरु शरण अपार्टमेंट में घुसकर चाकू से हमला हुआ था। कपूर और आयुष्मान खुराना को भी धमकियां मुंबई पुलिस के एक अधिकारी के मुताबिक, इससे पहले बॉलीवुड एक्टर तुषार कपूर और आयुष्मान खुराना को भी धमकियां मिल चुकी हैं।इन मामलों में पुलिस ने बेंगलुरु के रहने वाले 30 वर्षीय वैभव मिश्रा को गिरफ्तार किया था। वह IIT ग्रेजुएट बताया गया है। जांच में सामने आया था कि वैभव का किसी गैंग से संबंध नहीं था। वह कथित तौर पर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI का इस्तेमाल करके कलाकारों को धमकी दे रहा था। असली गैंगस्टर या फर्जी साजिश, दोनों एंगल से जांच मुंबई पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि जांच टीम इस बात की पड़ताल कर रही है कि क्या सैफ अली खान को मिली धमकी के पीछे सचमुच जीशान अख्तर का हाथ है। पुलिस को यह भी संदेह है कि कोई अज्ञात शख्स जांच एजेंसियों को परेशान करने और अभिनेताओं को डराने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) या फर्जी पहचान का सहारा ले रहा है। तकनीकी टीम धमकी भेजने के स्रोत और डिजिटल फुटप्रिंट को ट्रैक कर रही है। कौन है जीशान अख्तर, जिसका नाम इस मामले में आया सामने सैफ अली खान को मिली धमकी में जिस जीशान अख्तर का नाम लिया जा रहा है, वह अक्टूबर 2024 में हुए एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी हत्याकांड का मुख्य आरोपी है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, जीशान पर शूटरों को लॉजिस्टिक सपोर्ट देने और साजिश रचने का आरोप है। वह लंबे समय से फरार चल रहा है और सुरक्षा एजेंसियां उसकी तलाश कर रही हैं। इसी वजह से पुलिस इस धमकी को गंभीरता से ले रही है और हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है।
सैफ अली को जान से मारने की धमकी:बाबा सिद्दीकी मर्डर में वांटेड जीशान के नाम से मैसेज आया; 2 साल पहले चाकू मारा गया था