उज्जैन। ढांचा भवन में 11 अप्रैल की रात हुये फर्जी गोलीकांड में फरार चल रहे षडयंत्रकारी आरोपी को शनिवार शाम सिहोर से गिरफ्तार कर लिया गया। उसे संरक्षण देने वाला युवक भी हिरासत में आया है। पुलिस को अब षडयंत्र के मुख्य आरोपी रौनक गुर्जर की तलाश है।
चिमनगंज थाना क्षेत्र में रहने वाला अतिक माहूरकर 11 अप्रैल की रात थाने पहुंचा था और एक्टिवा से आये 2 नकाबपोश बदमाशों पर गोली मारने का आरोप लगाया था। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी, 2 दिन बाद मामला फर्जी होना सामने आया था। पुलिस ने मामले में गोली लगाने से घायल हुए अतिक को गिरफ्तार कर षडयंत्र में शामिल राहुल चौहान को हिरासत में लिया था। वहीं षडयंत्र में अतिक के साथ शामिल बंटी मालवीय, रौनक गुर्जर को भी आरोपी बनाकर तलाश शुरू की थी। 4 दिनों बाद बंटी मालवीय को सिहोर से गिरफ्तार कर लिया गया। उसे सिहोर में संरक्षण रौनक उर्फ गप्पी मालवीय ने दिया था। थाना प्रभारी विवेक कनोडिया ने बताया कि रौनक उर्फ गप्पी को भी धारा 212 का आरोपी बनाकर हिरासत में लिया गया है। मामले में रौनक गुर्जर की तलाश है, जल्द उसे भी गिरफ्तार कर लिया जायेगा।
गोली चलने पर बंटी हुआ था जख्मी
थाना प्रभारी कनोड़िया के अनुसार फर्जी गोलीकांड में अतिक के साथ बंटी उसके साथ था। गोली चलने पर उसकी पीठ भी जख्मी हुई थी। बंटी की गिरफ्तारी के बाद इस बात का पता चला है। गोली चलाने में प्रयुक्त किया गया देशी कट्टा भी बंटी की निशानदेही पर बरामद कर लिया गया है।
सिहोर से गिरफ्त में आया फर्जी गोलीकांड में फरार आरोपी -संरक्षण देने वाला भी हिरासत में, देशी कट्टा हुआ बरामद