सिंहस्थ के लिए फ्लाईओवर, फोरलेन-सिक्सलेन बन रहे, लेकिन शिप्रा की शुद्धता पर भी ध्यान दे सरकार

उज्जैन। सिंहस्थ-2028 की तैयारियों के बीच शिप्रा नदी को स्वच्छ, निर्मल और प्रवाहमान बनाने के उद्देश्य से 21 नवंबर से चार दिवसीय शिप्रा प्रदक्षिणा यात्रा निकाली जाएगी। त्रिशूल शिवगण वाहिनी की ओर से आयोजित यह यात्रा रामघाट से शुरू होकर शिप्रा के उद्गम स्थल से संगम तक पहुंचेगी और 24 नवंबर को पुनः रामघाट पर समाप्त होगी। यात्रा में ज्योतिष्पीठाधीश्वर जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती महाराज भी वर्चुअली जुड़ेंगे और शिप्रा नदी के संरक्षण को लेकर अपने विचार रखेंगे। यात्रा संतों के सानिध्य और आशीर्वाद में निकाली जाएगी।
गुरुवार को कंट्रोल रूम के समीप स्थित इंडियन कॉफी हाउस में आयोजित पत्रकार वार्ता में त्रिशूल शिवगण वाहिनी के संस्थापक सुरेंद्र चतुर्वेदी और आदित्य नागर ने यात्रा की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि संस्था की ओर से प्रतिवर्ष कार्तिक मास में द्वादशी से कार्तिक पूर्णिमा तक शिप्रा प्रदक्षिणा यात्रा आयोजित की जाती है। इसका उद्देश्य नदी के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना और शिप्रा को स्वच्छ व अविरल बनाने के लिए लोगों को जोड़ना है। इस दौरान करीब 540 किलोमीटर की परिक्रमा की जाएगी।
सिंहस्थ की तैयारियां हो रहीं, शिप्रा पर भी ध्यान दे सरकार
संस्था के संस्थापक आदित्य नागर ने कहा कि वर्ष 2028 में उज्जैन में सिंहस्थ महापर्व आयोजित होना है। इसे देखते हुए शहर में फ्लाईओवर, फोरलेन, सिक्सलेन सहित विभिन्न सड़क निर्माण कार्य किए जा रहे हैं।  लेकिन सिंहस्थ में आने वाले  श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र शिप्रा नदी है। श्रद्धालु यहां स्नान और पूजन के लिए आएंगे, ऐसे में नदी को स्वच्छ, निर्मल और प्रवाहमान बनाना भी सरकार और प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने मांग की कि सिंहस्थ से पहले शिप्रा को स्वच्छ बनाने के लिए ठोस प्रयास किए जाएं।
इस मार्ग से गुजरेगी यात्रा
यात्रा 21 नवंबर को सुबह 8 बजे रामघाट पर पूजन और संतों के आशीर्वचन के बाद शुरू होगी। यहां से रामानुजकोट, गणगौर दरवाजा, गोपाल मंदिर, नई सड़क, चामुंडा माता चौराहा और टावर चौक होते हुए ग्राम बोलासा स्थित देवलघाट पहुंचेगी। इसके बाद दकनाखेड़ी होते हुए शिप्रा के उद्गम स्थल उज्जैनी पहुंचेगी। यहां केवड़ेश्वर धाम में रात्रि विश्राम होगा।
22 नवंबर को यात्रा उद्गम स्थल से सिमरोड और सांवेर होते हुए दत्त अखाड़ा घाट तथा उपनिषद आश्रम पहुंचेगी। यहां रात्रि विश्राम होगा। 23 नवंबर को उपनिषद आश्रम से रणजीत हनुमान, ऋणमुक्तेश्वर, कालभैरव, सिद्धनाथ और शिप्रा-गंभीर संगम स्थल मेलनाथ होते हुए आलोट जागीर, महिदपुर रोड और आलोट के रास्ते शिप्रा-चंबल संगम स्थल सिपावरा पहुंचेगी। यहां रात्रि विश्राम किया जाएगा। 24 नवंबर को सिपावरा से यात्रा आगे बढ़ते हुए महिदपुर घाट, नारायण धाम, अंगारेश्वर, मंगलनाथ, खाक चौक, ढाबा रोड, कार्तिक चौक और रामानुजकोट होते हुए शाम 5 बजे रामघाट पहुंचेगी। यहां शिप्रा पूजन, चुनरी अर्पण और धर्म चेतना सभा के साथ यात्रा का समापन एक दिया शिप्रा के नाम अभियान से होगा। निर्माण कार्यों के चलते यात्रा के मार्ग में आंशिक बदलाव भी हो सकता है।
संतों ने बताया सराहनीय प्रयास
पत्रकार वार्ता में महामंडलेश्वर शैलेश आनंद गिरि महाराज (जूना अखाड़ा), महंत विशालदास महाराज (अध्यक्ष, अखिल भारतीय संत समिति, खाकी अखाड़ा), महंत नीलेश्वर पुरी महाराज (जूना अखाड़ा) और मित्रवृंदा धाम के संस्थापक गिरीश गुरुजी सहित अन्य संत उपस्थित रहे। संतों ने शिप्रा को प्रवाहमान और निर्मल बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों को सराहनीय बताया।
Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment