सांडों की लड़ाई से दहशत, मोहल्लों से बाजार तक बढ़ा खतरा

सुसनेर। नगर में आवारा सांडों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। जिससे आमजन का घर से निकलना तक मुश्किल होता जा रहा है। शहर के विभिन्न हिस्सों में आए दिन सांडों की आपसी लड़ाई देखने को मिल रही है जो अब मोहल्लों से निकलकर बाजार और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों तक पहुंच गई है। इन घटनाओं से लोगों में भय और असुरक्षा का माहौल बनता जा रहा है।
शुक्रवार को खटलागली क्षेत्र में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब दो सांड आपस में भिड़ गए। सांडों की यह लड़ाई काफी देर तक चलती रही जिससे पूरे मोहल्ले में हड़कंप मच गया। अचानक हुई इस घटना से राहगीर और स्थानीय लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए। कई लोगों ने अपने घरों के दरवाजे बंद कर लिए, वहीं कुछ समय के लिए क्षेत्र में आवाजाही भी प्रभावित हुई।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि नगर में आवारा सांडों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। ये सांड झुंड में घूमते हैं और अचानक आपस में भिड़ जाते हैं, जिससे आसपास मौजूद लोग वाहन और दुकानदार खतरे में आ जाते हैं। लोगों ने बताया कि इससे पहले भी पुराना बस स्टैंड क्षेत्र में सांडों की लड़ाई हो चुकी है। जिसमें एक मेडिकल दुकान का काउंटर गिरकर क्षतिग्रस्त हो गया था। इस घटना के दौरान दुकान में मौजूद ग्राहकों और कर्मचारियों ने किसी तरह अपनी जान बचाई थी।
व्यापारियों के अनुसार इस समस्या का असर उनके कारोबार पर भी पड़ रहा है। सांडों के डर से ग्राहक बाजार में आने से कतराने लगे हैं। जिससे व्यापार प्रभावित हो रहा है। वहीं, स्कूली बच्चों और बुजुर्गों के लिए यह स्थिति और भी अधिक जोखिम भरी बनी हुई है। नगरवासियों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद इस समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। आवारा सांडों को पकड़ने और उनके उचित प्रबंधन के लिए कोई ठोस कदम नजर नहीं आ रहा है। लोगों ने नगर परिषद और संबंधित प्रशासन से मांग की है कि इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए जल्द से जल्द आवारा सांडों को पकड़ने की व्यवस्था की जाए और उन्हें सुरक्षित स्थान पर भेजा जाए। यदि समय रहते इस समस्या पर ध्यान नहीं दिया गया, तो आने वाले दिनों में कोई बड़ी दुर्घटना हो सकती है। नगरवासियों ने प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की अपेक्षा जताई है, ताकि शहर में सुरक्षा और व्यवस्था बनी रह सके।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment